टीम इंडिया ने हैदराबाद टेस्‍ट में वेस्‍टइंडीज को 10 विकेट से रौंदकर दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली है. इस जीत के साथ ही भारत ने परफेक्‍ट 10 का अनोखा कारनामा कर डाला है. आपको बता दें कि हैदराबाद टेस्‍ट में वेस्‍टइंडीज ने पहली पारी में 311 रन बनाए. जबकि भारतीय टीम ने 367 रन बनाकर जबर्दस्‍त पलटवार किया. वहीं दूसरी पारी में वेस्‍टइंडीज टीम 127 रन पर ढेर हो गई और पहली पारी में 56 रन की बढ़त हासिल करने वाली टीम इंडिया को सिर्फ 72 रन का लक्ष्‍य मिला था.


घर में 10वीं सीरीज जीत
टीम इंडिया ने भारत में लगातार 10 सीरीज जीतने का रिकॉर्ड कायम किया है. भारत के जीतने का सिलसिला 2012-13 में ऑस्‍ट्रेलिया पर 4-0 की जीत के साथ शुरू हुआ था. इसके बाद उसने 2013-14 में वेस्‍टइंडीज को 2-0, 2015-16 में साउथ अफ्रीका को 3-0 से, 2016-17 में न्‍यूजीलैंड को 3-0, इंग्‍लैंड को 4-0, बांग्‍लादेश को 1-0 और ऑस्‍ट्रेलिया को 2-1 से हराया है. जबकि  2017-18 में श्रीलंका और अफगानिस्‍तान को 1-0 से पटखनी दी है. वहीं हाल ही में वेस्‍टइंडीज की टीम भारत के हाथों 2-0 से हारी है.



वैसे ऑस्‍ट्रेलिया के अलावा भारतीय टीम इकलौती ऐसी टीम है, जिसने लगातार 10 सीरीज अपने घर पर जीतने का रिकॉर्ड कायम किया है. ऑस्‍ट्रेलिया ने ऐसा दो बार किया है. पहली बार उसने 1994-95 से 2000-01 के बीच और दूसरी बार 2004 से 2008-09 के बीच अपने घर पर लगातार 10 टेस्‍ट सीरीज जीतने का कारनामा किया था.


10 विकेट से सातवीं जीत

भारत ने पहली बार टेस्‍ट क्रिकेट में वेस्‍टइंडीज को 10 विकेट से हराया है, जो कि उसकी सातवीं टेस्‍ट जीत है. इससे पहले भारत ने पाकिस्‍तान (1952 और 1980), न्‍यूजीलैंड (1988 और 2009), इंग्‍लैंड ( 2001) और जिंबाब्‍वे ( 2005) को 10 विकेट से मात दी थी.


Post A Comment: