ऋषिकेश।एम्स ऋषिकेश में बुधवार को सप्ताह व्यापी मेंटल हेल्थ वीक विधिवत सम्पन्न हो गया।स्थान में चार से दस अक्टूबर तक मनोविज्ञान विभाग की ओर से मेंटल हेल्थ वीक मनाया गया, जिसके तहत विश्व स्वास्थ्य संगठन की इस वर्ष की थीम यंग पीपुल एंड मेंटल हेल्थ इन ए चेंजिंग वल्ड पर सप्ताह भर कई जनजागरूकता कार्यक्रम हुए। विभाग के प्राध्यापक डॉक्टर हर्षित गर्ग ने बताया कि वीक के पहले दिन मानसिक स्वास्थ्य पर निबंध प्रतियोगिता हुई जबकि दूसरे दिन पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गई।तीसरे दिन न्यूरो साइकाइट्रिस्ट विषय पर क्वीज का आयोजन किया गया, चौथे दिन सुसाइड, उदासी डिप्रेशन, ओसीडी आदि दिमागी बीमारियों के बिंदुओं पर नुक्कड़ नाटक के जरिए युवाओं को जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि बीते दिवस मंगलवार को नशे की बीमारी से संबंधित वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई, बुधवार को वीक के समापन समारोह में मुख्य अतिथि एम्स निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर डॉक्टर रवि कांत ने कहा कि जिस तरह हम सामान्य बीमारियों में चिकित्सक की सलाह लेते हैं, मानसिक रोगों के लिए भी विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी खुशियों के साथ मन की परेशानियों को भी अपने मित्रों, शिक्षकों व अभिभावकों के साथ बांटना चाहिए।निदेशक डॉक्टर रवि कांत ने कहा कि यदि बच्चे अपने किसी साथी को तनाव ग्रस्त पाते हैं तो उन्हें इसकी जानकारी शिक्षकों व अभिभावकों को देनी चाहिए। निदेशक ने कहा कि सुसाइड की बढ़ती घटनाओं को रोका जा सकता है ऐसी स्थितियों को समझने वाला इस तरह की घटना को रोक सकता है, इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। विभागाध्यक्ष डॉक्टर रवि गुप्ता ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह मनाने का उद्देश्य जनमानस व खासकर युवाओं को विभिन्न प्रकार की मानसिक बीमारियों के प्रति जागरूक करना व उनके मन की भ्रांतियों को दूर करना था। उन्होंने बताया कि मानसिक बीमारियों की पहचान करना आसान है और उनका उपचार मुमकिन है।लिहाजा उनके प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है,उन्होंने बताया कि अधिकांशतःमानसिक बीमारियां घबराहट, नशा, उदासी आदि किशोरावस्था में ही शुरू हो जाती हैं,बताया कि पूरे विश्व में15 से २९ वर्ष की आयु के लोगों में मृत्यु के कारणों में दूसरी सबसे महत्वपूर्ण वजह आत्महत्या है।उन्होंने बताया कि एम्स संस्थान में मनोचिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर मनोचिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉक्टर रवि गुप्ता, डॉक्टर अनिंद् या दास,डॉक्टर विशाल धीमन,डॉक्टर विक्रम सिंह रावत, डॉक्टर अनिरुद्ध वसु,डॉक्टर जितेंद्र, डॉक्टर हर्षित गर्ग,डॉक्टर हर्षित हेमंत सालियान, डॉक्टर अनीता शर्मा, डॉक्टर ख्वाजा खयाम,डॉक्टर मृणाल झा के अलावा नर्सिंग विभाग के प्राध्यापक भी मौजूद थे।

Post A Comment: