देहरादून: दो महीने से ज्यादा अरसे से की जा रही कड़ी मशक्कत के बाद दो दिनी 'उत्तराखंड इन्वेस्टर्स समिट' के लिए उत्तराखंड पूरी तरह मुस्तैद है। रविवार को देश-विदेश के पूंजी निवेशकों, बिजनेस टाइकून, आर्थिक जगत के लीडर्स, केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह 11.15 बजे रायपुर स्थित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन करेंगे।
उत्तराखंड राज्य बनने के करीब 18 साल के वक्फे में पहली बार हो रहे इस इन्वेस्टर्स समिट की खास बात यह भी है कि दो दिन तक तमाम बिजनेस लीडर्स पूंजी निवेश की मौजूदा संभावनाओं को खंगालने के साथ में उद्योगों को मैदान से लेकर पहाड़ के गांवों तक पहुंचाने के भविष्य के दीर्घकालिक एजेंडे को भी तय करेंगे। यह भी पहली बार है कि राज्य सरकार ने 12 कोर सेक्टर पर फोकस करते हुए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट और नए नियमों के जरिये उद्योगों को फूलने-फलने की आधार भूमि तैयार की है।
यह मशक्कत कामयाब रही तो नए उद्योगों के साथ हजारों हाथों को रोजगार देने की सरकार की मुराद पूरी हो सकती है। उत्तराखंड में इन्वेस्टर्स समिट के आगाज के साथ बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे के विकास, शहरों की सूरत बदलने की नई मुहिम समेत विभिन्न क्षेत्रों में पूंजी निवेश की दस्तक हो चुकी है। विभिन्न प्रदेशों में रोड शो, कॉन्क्लेव समेत उद्यमियों और पूंजी निवेशकों से मुलाकात और निरंतर संवाद के चलते करीब 80 हजार करोड़ के निवेश के प्रस्ताव राज्य सरकार को मिल चुके हैं। मोदी लहर के बूते प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आई सरकार को केंद्र के डबल इंजन का भरपूर सहयोग का नतीजा इन्वेस्टर्स समिट के रूप में सामने है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समिट का उद्घाटन करेंगे तो केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह दो दिनी समिट का समापन करेंगे। यही नहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, सुरेश प्रभु व हरसिमरत कौर बादल इन्वेस्टर्स समिट के विभिन्न सत्रों की शोभा बढ़ाएंगे। चेक रिपब्लिक और जापान इस समिट के पार्टनर कंट्री हैं।
कनफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज के डायरेक्टर जनरल चंद्रजीत बनर्जी, अमूल डेयरी के आरएस सोंधी, मेदांता-द मेडिसिटी के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ नरेश त्रेहान, जापान के राजदूत केंजी हिरामत्सु व चेक रिपब्लि्क के राजदूत मिलाना होवेरका, आदित्य बिरला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला, महिंद्रा ग्रुप के आनंद महिंद्रा, टाटा संस के चेयरमैन नटराजन चंद्रसेकरन, बाबा रामदेव समेत कई नामी-गिरामी हस्तियां इन्वेस्टर्स समिट में शिरकत कर रही हैं। दो दिनी समिट में कुल 12 सत्र होंगे।


Post A Comment: