देहरादून: कांग्रेस में महापौर को लेकर पूरा गणित तीन दिग्गजों के इर्द-गिर्द सिमट गया है। बदलते समीकरण को देखते हुए कांग्रेस नए उमीदवार पर दांव खेलने का रिस्क नहीं उठाना चाहती है। ऐसे में पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना व पूर्व महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान में से किसी को भी दावेदार बनाया जा सकता है। तीनों नेताओं के समर्थक भी हाईकमान पर इनकी दावेदारी को लेकर दबाव बना रहे हैं।
कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सभी बड़े नेताओं से इस बारे में पहले उनकी राय ली। दोपहर बाद प्रदेश अध्यक्ष ने तीनों नेताओं से अलग-अलग चर्चा की। उन्होंने संभावित उम्मीदवार से जीत की तैयारी को लेकर उनकी योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली।
हालांकि, महापौर के अन्य दावेदारों ने भी प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष अपनी भावी रणनीति रखी। देर रात तक तीनों नामों में से किसी एक पर सहमति नही बन पाई हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने बैठक में इतना जरूर कहा कि महापौर के लिए ऐसा चेहरा सामने हो जो शहर से लेकर गांव तक पैठ बनाने में कामयाब रहे और पहले से उसकी पहचान भी हो।
जिलाध्यक्षों को पार्टी सिंबल लेने बुलाया
प्रदेश कांग्रेस कमेटी नगर निकायों के अध्यक्षों की पहली जल्द जारी करेगी। मेयर समेत कुछ निकाय अध्यक्ष पदों के प्रत्याशियों की सूची 21 अक्टूबर को भी जारी किए जाने की संभावना है।
वहीं, जिलों में कांग्रेस के वार्ड प्रत्याशियों को सिंबल का वितरण जिला कांग्रेस अध्यक्ष करेंगे। सिंबल वितरण के लिए सभी जिलाध्यक्षों को शुक्रवार को देहरादून बुलाया गया है।


Post A Comment: