हरिद्वार: विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद्र परांडेय ने कहा कि में होने वाले लोकसभा चुनाव में उसी पार्टी को समर्थन दिया जाएगा जो हिंदुत्व की बात करेगी। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए जनांदोलन की बात कही। 

विहिप के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री मिलिंद्र परांडेय ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर का निर्माण किए जाने के लिए सरकार पर कानून बनाने के लिए दबाव बनाया जाएगा। इसके लिए देशभर में जनसभाएं की जाएंगी। इनमें राम मंदिर निर्माण आंदोलन से जुड़े संत जनता को राम मंदिर निर्माण के लिए जागरूक करेंगे। 

उन्होंने बताया कि विहिप की ओर से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए व्यापक कार्यक्रम चलाया गया। इसमें 32 लाख युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। इसके अलावा विश्व हिंदू परिषद की ओर से महिलाओं और युवतियों को जोड़ने के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। इसमें नवंबर तक देशभर से 15 से बीस लाख को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। 

उन्होंने कहा कि सभी संसदीय क्षेत्रों में बड़े धार्मिक अनुष्ठान किए जाएंगे। यदि इसके बाद भी राम मंदिर निर्माण के लिए सरकार की ओर से कानून नहीं बनाया तो जनवरी में इलाहाबाद में होने वाले महाकुंभ में संत जो निर्णय लेंगे, उनके मार्गदर्शन पर विहिप आगे बढ़ेगा। 

वहीं, मंदिर निर्माण पर भाजपा को 2019 में समर्थन देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में राम मंदिर मंदिर बने या नहीं, लेकिन वह आने वाले चुनाव में भी उसी पार्टी को समर्थन देंगे, जो हिंदुत्व की बात करेगी।

Post A Comment: