देहरादून:  एक महिला द्वारा भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश पदाधिकारी पर आरोप लगाए जाने और भाजपा संगठन द्वारा प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार को पद से हटाने के बाद कांग्रेस ने मुद्दे को लपक लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रकरण पर सरकार व भाजपा संगठन को निशाने पर लेते हुए मांग की कि इस मामले में आरोपित पदाधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराई जाए। वहीं, इस मामले में असहज भाजपा ने पलटवार किया है। 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाने वाली महिला को सुरक्षा देने की मांग भी सरकार से की है। कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार क्यों अपनी महिला कार्यकर्ता के आरोप के मामले में आरोपित पदाधिकारी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपित की गिरफ्तारी भी होनी चाहिए। 

भाजपा महानगर अध्यक्ष और महिला कार्यकर्ता के बीच हुई बातचीत का आडियो सार्वजनिक होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका बयान शर्मनाक है। राजनीति में आने वाली महिलाओं के प्रति भाजपा के नजरिये को उनके महानगर अध्यक्ष अपने बयान के जरिये साबित कर रहे हैं। ऐसा कहने पर उन्हें शर्म आनी चाहिए। पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा भी मौजूद थे। 

प्रीतम सिंह बोले, उनसे भी मिली थी महिला 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने इस बात को स्वीकार किया कि भाजपा प्रदेश पदाधिकारी पर आरोप लगाने वाली महिला ने उनसे भी मुलाकात की थी। उन्होने कहा कि महिला उनके पास आई थी लेकिन बिना तथ्यों के आरोप लगाने की वह राजनीति नहीं करते। अगर महिला उन्हें तथ्य देती, तो निश्चित रूप से बात उठाई जाती। 

उन्होंने कहा कि महिला कब आई यह उन्हें ध्यान नहीं है। उन्होंने महिला से कहा था कि वह पुलिस में एफआइआर दर्ज करे, अगर रिपोर्ट नहीं हो रही है तब कांग्रेस इसे दर्ज कराने में मदद करेगी। 

Post A Comment: