देहरादून। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने रेडियो पर प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के साथ कदमताल मिलाई है। प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने राज्य की सभी 228 मंडल इकाइयों को रेडियो बांटने की शुरुआत कर दी है। 

शनिवार को पार्टी के प्रांतीय कार्यालय में देहरादून जिला व महानगर के अंतर्गत आने वाले 23 मंडल इकाइयों के अध्यक्षों को एक-एक रेडियो प्रदान किए गए। उत्तराखंड देश का पहला प्रदेश है, जहां भाजपा नेतृत्व पार्टीजनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के लिए रेडियो वितरित कर रहा है। 

इस पहल के पीछे पार्टी की मंशा मन की बात सुनने के साथ ही इस अवसर पर भाजपा के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा और इसमें जनभागीदारी सुनिश्चित कराने की भी है। शनिवार को देहरादून में बलवीर रोड स्थित प्रांतीय कार्यालय में रेडियो वितरित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि प्रदेश की सभी 228 मंडल इकाइयों को रेडियो वितरित किए जाएंगे। निकट भविष्य में राज्य के 11000 बूथों पर रेडियो वितरण का लक्ष्य है।

Post A Comment: