देहरादून। नया साल, नई उम्मीद। जन स्वास्थ्य के लिहाज से राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अगले 18 माह में दून में न केवल जिला अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं भी सुदृढ़ होंगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिह रावत ने 136 बेड के नए अस्पताल के रूप में दून की जनता को नए साल की सौगात दी है।
उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय कोरोनेशन अस्पताल में एनएचएम के तहत बनने वाले नए अस्पताल का शिलान्यास किया। कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि एक साल पांच माह 23 दिन यानी आगामी 23 जून 2020 को यह अस्पताल किसी भी स्थिति में जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि अस्पताल निर्माण का कार्य क्वालिटी कंट्रोल के साथ किया जाएगा। अत्याधुनिक तकनीक व सुविधाओं के साथ 24 घंटे अस्पताल भवन का निर्माण कार्य करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
सीएम ने कहा कि इससे दूनवासियों की जिला अस्पताल की चिंता भी खत्म हो जाएगी। सीएम ने सभी सरकारी व निजी संस्थानों के चिकित्सकों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी अस्पतालों को रेगुलरराइज कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के नीतिगत परिवर्तन प्रदेश के लिए आमूलचूल परिवर्तनकारी सिद्ध होंगे। सीएम ने कोरोनेशन अस्पताल में जन औषधि केंद्र और कैंटीन का भी लोकार्पण किया।इस दौरान विधायक खजानदास, विधायक ऋतु खंडूड़ी, महापौर सुनील उनियाल गामा, स्वास्थ्य सचिव नितेश झा, एनएचएम मिशन निदेशक युगल किशोर पंत, स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टीसी पंत, निदेशक डॉ. अमीता उप्रेती, अंजलि नौटियाल, अपर निदेशक डॉ. सरोज नैथानी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गुप्ता, अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीसी रमोला, दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके टम्टा,वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एनएस बिष्ट, प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. डीपी जोशी, डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पीएस पंवार आदि उपस्थित रहे।
नवनिर्मित चिकित्सालय में होंगी ये सुविधाएं
- यह चिकित्सालय पूर्ण रूप से कम्प्यूटराइजड होगा, जिसमें सभी रिकार्ड का कम्प्यूटराइजड किए जाने की व्यवस्था है।
- डाइग्नोसिस के के लिए एमआरआइ, सीटी स्केन, ऐक्स-रे इत्यादि की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होगी।
- चिकित्सालय में ब्लड बैंक, ब्लड सैंपल एवं ब्लड डोनेशन की सुविधाएं उपलब्ध होगी।
- चिकित्सालय में आकस्मिक चिकित्सा के लिए सभी सुविधाएं रहेंगी, जिसके लिए 16 बैड का आपातकालीन वार्ड दिया गया है।
- चिकित्सालय में पुरुष-महिला के लिए 76 बैड का जनरल वार्ड एवं 24 बैड का बर्न वार्ड का प्रावधान किया गया है।
- चिकित्सालय में आठ बैड ओपीडी का प्रावधान किया गया है।
- भवन में तीन बैड आपरेशन थिएटर एवं एक बैड माइनर आपरेशन थिएटर की व्यवस्था की जा रही है। इनके साथ सौ बैड के अतिरिक्त 11 बैड आइसीयू बैड एवं नौ बैड रिकवरी बैड का प्रावधान किया गया है
- चिकित्सालय में भर्ती मरीजों की भोजन व्यवस्था के लिए किचन का प्रस्ताव किया गया है
- चिकित्सालय भवन दिव्यांगजनों के लिए सुगम्य है, जिसे के लिए भवन में रैंप एवं लिफ्ट का प्रावधान किया गया है।
- चिकित्सालय भवन में फायर फाइटिंग एवं सीसीटीवी का प्रावधान किया गया है।


Post A Comment: