देहरादून। उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी समन्वय मंच से जुड़े गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के करीब सवा लाख कार्मिक बुधवार को हड़ताल पर रहेंगे। इसके लिए कर्मचारी और अधिकारियों ने व्यक्तिगत अवकाश ले लिया है। हड़ताल के चलते विभागों में कोई भी काम नहीं हो पाएगा। हड़ताली कर्मचारी अपने-अपने जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन भी करेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा जाएगा। 

अटल आयुष्मान योजना के तहत जारी यू-हेल्थ कार्ड में कर्मचारियों का पैसा काटने के बाद दून अस्पताल की शर्त का मंच विरोध कर रहा है। इस संबंध में जारी हुए शासनादेश में संशोधन की मांग समेत अन्य मांगों को लेकर अधिकारी-कर्मचारी समन्वय मंच आंदोलनरत हैं। 21 दिसंबर को प्रमुख सचिव चिकित्सा को मंच ने दो जनवरी को हड़ताल की चेतावनी दी थी। इसके अलावा आंदोलन की उग्र रणनीति भी तय की गई। 

समन्वय मंच के मुख्य संयोजक नवीन कांडपाल और प्रांतीय प्रवक्ता पूर्णानंद नौटियाल ने बताया कि करीब सवा लाख कर्मचारी अवकाश लेकर हड़ताल पर रहेंगे। सभी जिला मुख्यालयों में कर्मचारी और अधिकारी धरना-प्रदर्शन कर सरकार से अपनी जायज मांगों पर कार्रवाई की मांग करेंगे। हड़ताल में आठ मान्यता प्राप्त राजकीय कर्मचारी संगठनों से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे। हालांकि निगम, शिक्षक और सेवाकर, समेत संयुक्त मोर्चा इस हड़ताल से दूर रहेंगे।

Post A Comment: