पुलिस को महिलाओं से पड़ा जूझना
एक महिला के ऊपर ही पलट दी कूड़े की गाड़ी 
उत्तरकाशी। गंगा के मायके उत्तरकाशी में कूड़े पर जंग जारी है। कंसेंण गांव के पास जल विद्युत निगम की जमीन पर कूड़ा डालने के लिए जिला प्रशासन को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। दरअसल कंसेंण गांव के लोग यहां कूड़ा डालने का विरोध कर रहे थे और इस जमीन पर धरना दे रहे थे। पुलिस ने ग्रामीणों को गिरफ्तार कर उठाया तब कहीं कूड़ा डाला जा सका। 
कंसेंण, दिलसौड़, डांग व पोखरी गांव के लोग इस जगह पर कूड़ा डालने का विरोध कर रहे हैं। इनका कहना है कि जहां कूड़ा डाला जा रहा है वह जमीन उनके गांव के रास्ते पर पड़ती है। यहां कूड़ा डालने से स्कूली बच्चों तक को कूड़े में से होकर जाना पड़ेगा। कूड़े से बदबू तो फैलेगी ही बीमारियां फैलने का भी खतरा है। इन लोगों को गिरफ्तार करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। 
 पालिका ने कंसेंण गांव के पास कूड़ा डालने का फैसला किया था तो ग्रामीण इस जमीन पर टेंट लगाकर दिन-रात विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। लोगों को डर था कि पालिका रात को कूड़ा गिरा देगी। आज कूड़े के ट्रकों ने इसी धरनास्थल में लगे टेंट पर कूड़ा गिराकर उसे दबा दिया। ।
 विरोध करने वालों में महिलाएं बड़ी संख्या में थीं। जिन्हें धक्का देकर, घसीटकर पुलिस वैन में डाला गया और जब यह भी संभव नहीं हुआ तो महिला पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर ही ले गईं। 
ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी पैदल रास्ते पर आवाजाही रोकने के लिए भी तैनात रहे। दरअसल उत्तरकाशी शहर का कूड़ा एक बड़ी समस्या बना हुआ है। भागीरथी में कूड़ा डालने पर यहां नगर पालिका के अधिकारी दंडित हो चुके हैं और एक गदेरे में कूड़ा डालने पर हाईकोर्ट फटकार लगा चुका है। अभी जिस रामलीला मैदान कूड़ा डाला जा रहा है वहां बसंत पंचमी से हर साल लगने वाला माघ मेला आयोजित होना है।
ग्रामीणों को गिरफ्तार करके कूड़ा तो डाला गया लेकिन जल्दबाजी और दबाव में पालिका कर्मचारियों ने एक महिला के हटने से पहले ही कूड़ा गिराना शुरू कर दिया। गोल घेरे में कूड़े के ढेर के बीच खड़ी महिला दिखाई दे रही है। चिन्हित स्थान पर कूड़ा डालने को लेकर ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया था। जिला प्रशासन का कहना है कि यहां पर अस्थाई डंपिंग जोन बनाया गया है। रामलीला मैदान में माघ मेला आयोजित होना है और शहर में डंप कूड़े की वजह से बीमारी न फैले इसलिए इस कूड़े को यहां डाला जा रहा है।  

Post A Comment: