सूबे के टिहरी, चम्पावत, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ व अल्मोड़ा में शराब पीने वाले रहे अव्वल
चार जिलों में शराब के शौकीनों की तादाद 28 से 38 प्रतिशत बढ़ी
2650 करोड़ के लक्ष्य के करीब पहुंचा अबकारी विभाग 
देहरादून। सुप्र्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नेशनल हाईवे व राज्य मार्गो से शराब के ठेके हटने के कारण नए स्थानों पर ठेके खोलने के लिए आबकारी विभाग को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जिसके कारण उम्मीद जताई जा रही थी कि इस बार सरकार का शराब से राजस्व कम रहेगा। लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ रही शराब की खपत से आबकारी विभाग की बांछे खिल गई है। विभाग को दावा है कि इस बार विभाग अपना 2650 करोड़ का लक्ष्य प्राप्त कर लेगा। 
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में शराब के विरोध के बीच आबकारी विभाग की सारी उम्मीदें पहाड़ से ही टिकीं हैं। आंकड़े बताते है कि प्रदेश के पांच पहाड़ी जिलों में शराब की खपत उम्मीद से ज्यादा है, जबकि मैदानी जिलों में विदेशी शराब के दिवाने थोड़े कम हैं। इस वित्त वर्ष के खत्म होने में तीन महीने बचे हैं और आबकारी विभाग अपने रेवेन्यू टारगेट 2650 करोड़ का करीब 70 प्रतिशत ही तय कर पाया है। सरकार के लिए शराब, कमाई का बड़ा जरिया है। लिहाजा तमाम विरोध के बीच भी सारा फोकस शराब पर रहता है। आंकड़े बताते हैं कि पांच जिले टिहरी, चम्पावत, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा शामिल शराब पीने के मामले में अव्वल हैं। अल्मोड़ा में नवंबर तक, पिछले साल के मुकाबले 58 फीसदी ज्यादा शराब गटक ली गई। वहीं अन्य चार जिलों में अंग्रेजी शराब के शौकीनों की तादाद 28 से 38 फीसदी के बीच बढ़ी है। पर्वतीय क्षेत्रों में शराब के दीवाने बढ़ने से सरकार को थोड़ी राहत मिली है। मैदानी जिलों में ऊधमसिंह नगर जिले में पिछले साल के मुकाबले 2 फीसदी ही अंग्रेजी शराब की खपत बढ़ी है, जबकि देहरादून में ये 17 फीसदी के आसपास है। दरअसल उत्तराखंड में शराब का विरोध हमेशा स्पॉटलाइट में रहा है। अप्रैल में जब सरकार नई आबकारी पॉलिसी को लेकर आई तो विरोध इस कदर बढ़ गया कि कई जगह दुकानें नहीं खुल पाईं। लेकिन पैसा कमाने को बेताब विभाग ने कुछ गाड़ियों को चलती फिरती दुकान में तब्दील कर लिया जो पहाड़ में अभी भी दिख जाती हैं।
उत्साहित आबकारी मंत्री प्रकाश पंत का कहना है कि उनका विभाग बचा हुआ टारगेट मार्च तक पूरा कर लेगा। विभागीय मंत्री का कहना है शराब से लक्ष्य पूरा होने से प्रदेश के विकास कार्याे में भी तेजी आएगी। 

Post A Comment: