देहरादून। आखिरकार कांग्रेस ने उत्तराखंड की पांच संसदीय सीटों के लिए अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए। शनिवार देर रात्रि नई दिल्ली से एआइसीसी की ओर से जारी सूची में नैनीताल सीट से पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस महासचिव हरीश रावत, हरिद्वार सीट से अंबरीश कुमार, पौड़ी सीट से मनीष खंडूड़ी, अल्मोड़ा (सुरक्षित) सीट से राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा, टिहरी सीट से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह को प्रत्याशी घोषित किया गया। सभी कांग्रेस प्रत्याशी 25 मार्च को नामांकन कराएंगे।

कांग्रेस को प्रत्याशियों की घोषणा में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। खासतौर पर नैनीताल और हरिद्वार सीटों पर प्रत्याशियों को तय करने में काफी वक्त लग गया। उक्त दोनों सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को लेकर पेच फंसा हुआ था। प्रदेश संगठन रावत को हरिद्वार सीट से प्रत्याशी बनाने की पैरवी कर रहा था, जबकि खुद वह नैनीताल सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक रहे।

आखिरकार पार्टी हाईकमान ने हरीश रावत के फैसले पर मुहर लगा दी। उन्हें नैनीताल संसदीय सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है। हरीश रावत को नैनीताल सीट से चुनाव लड़ाने के समर्थन में शनिवार को उत्तराखंड से कुल 11 में से आठ विधायकों ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल से भी मुलाकात की थी। रावत को नैनीताल से हरी झंडी मिलने के बाद हरिद्वार सीट पर अंबरीश कुमार को प्रत्याशी घोषित किया गया है। नैनीताल और हरिद्वार में प्रत्याशियों की घोषणा में पार्टी हाईकमान ने हरीश रावत को ही तवज्जो दी। नैनीताल सीट पर उनका विरोध कर रही नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश को अंतत: बैकफुट पर जाना पड़ा।

Post A Comment: