देश की सरकार चुनने को अपना उत्तराखंड भी डाल रहा वोट
11229 बूथों पर मतदान जारी
देहरादून। 17वीं लोकसभा के लिए चुनावी महासमर आज अपना उत्तराखंड भी बढ़ चढ़कर वोट डाल रहा है। घोषित चुनाव कार्यक्रम के तहत पहले चरण में देश के दो केंद्रशासित और 18 राज्यों की 91 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है। देवभूमि की पांच संसदीय सीटों के लिए भी उत्तराखंड मतदान की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। दोपहर ढाई बजे तक सूबे में मतदान का आंकड़ा 45 प्रतिशत को पार कर चुका था। एक बजे तक 41.27 प्रतिशत मतदान हो चुका था। अपराह्न् तीन बजे के बाद मतदान के फिर जोर पकड़ने की उम्मीद है।
प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर 7856268 मतदाता कुल 52 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने घरों से निकल रहे हैं। प्रदेशभर में मतदान का सिलसिला तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेशभर में हुए मतदान के सटीक आधिकारिक आंकड़े तो देर रात तक ही साफ हो पाएंगे। हालांकि, दोपहर तक 40 फीसद के आसपास मतदान हो जाने की सूचना है। मतदान को लेकर हर उम्र के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है, इसे देखते हुए इस बार प्रदेश में अच्छा खासा मतदान होने की भी उम्मीद है।
17वीं लोकसभा के लिए उत्तराखंड में पहले चरण में गुरुवार को मतदान शुरू हो गया है। करीब एक महीने तक चले सघन प्रचार के बाद वह मौका आ ही गया जब प्रदेश के मतदाता अपने सांसद चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। पांच सीटों पर 47 पुरुष और पांच महिला प्रत्याशियों समेत कुल 52 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश के पांचों संसदीय क्षेत्रों में बनाए गए 11229 पोलिंग बूथों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। पांच बजे तक जितने भी मतदाता मतदान केंद्र में प्रवेश कर चुके होंगे, उन्हें मत डालने दिया जाएगा। उत्तराखंड में मतदान इस बार मध्यम गति से आगे बढ़ रहा है। सुबह-सवेरे घरों से निकलकर वोट डालने को लेकर लोगों का अच्छा रुझान रहा।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, सूबे में सुबह नौ बजे तक 13.34 प्रतिशत तक मतदान हुआ। जबकि, सुबह 11 बजे तक 23.78 प्रतिशत से अधिक मतदान हो चुका था। दोपहर होते-होते मतदान की रफ्तार धीमी पड़ती दिखी। कई बूथों पर सन्नाटा पसरा रहा। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सुबह 11 बजे तक टिहरी लोकसभा सीट पर 28.33, हरिद्वार पर 33.31, पौड़ी पर 26.82, नैनीताल पर 35.27 और अल्मोड़ा पर 25.12 प्रतिशत मतदान हुआ। देहरादून में 29.82 प्रतिशत मतदान हुआ। हरिद्वार में 34.27, नैनीताल में 29.88, अल्मोड़ा में 24.13, ऊधमसिंह नगर में 33.82, पिथौरागढ़ में 24.70, चंपावत 27.98, उत्तराकशी 28.46, रुद्रप्रयाग 30.30, टिहरी 24.52, पौड़ी 25.57 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान हुआ है। गंगोत्री धाम में पहली बार हुआ मतदान, 141 वोटर हैं गंगोत्री में। 3042 मीटर की ऊंचाई पर मौजूद प्रदेश का सबसे ऊंचाई वाला बूथ है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए प्रदेश को 237 सेक्टर और 1371 जोन में बांटा गया है। कुल 11229 पोलिंग बूथों पर 56145 कार्मिक तैनात किए गए हैं और 11235 रिजर्व में रखे गए हैं। सुरक्षा बलों को मिलाकर 1.12 लाख कार्मिक चुनाव संपन्न करा रहे हैं। किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए भारी सुरक्षा बल और पुलिस की तैनाती की गई है।
स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए 11229 मतदान केंद्रों में इतने ही पीठासीन अधिकारी और 44916 मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए 16000 पुलिस कर्मी, 17596 होमगार्ड, 4100 पीआरडी व 1509 वनकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल की 65 कंपनियां भी चुनाव में तैनात की गई हैं। कुल 11229 बूथों में 697 अति संवेदनशील और 656 बूथ संवेदनशील घोषित किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखने को 800 माइक्रो आब्जर्वर और 1180 वेबकास्टिंग टीम तैनात की गई है।
आपको बता दें कि प्रदेश की पांचों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। कई सियासी दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी शामिल हैं। इनके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, कांग्रेस के अंबरीष कुमार, बसपा नेता अंतरिक्ष सैनी और भाजपा के मौजूदा सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी के पुत्र मनीष खंडूड़ी, जो पौड़ी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, का भविष्य भी दांव पर लगा हुआ है।

Post A Comment: