कुछ जगह डेढ़ घंटे बाद शुरू हुआ मतदान
देहरादून। प्रदेश के कई क्षेत्रों में ईवीएम खराब होना यह साबित कर गया कि निर्वाचन विभाग ने कितनी तैयारी कर रखी थी। कई स्थानों पर डेढ़ घंटे पर चुनाव शुरू हुई। जिसके कारण मतदाताओं को लाइन में लगकर घंटे भर इंतजार करना पड़ा। चकराता में 55 मिनट बाद मतदान शुरू हुआ तो उधमसिंह नगर में तो नई ईवीएम लगानी पड़ी।
कई जगह खराब हुई ईवीएम मशीनें
प्रदेश की सभी सीटों पर मतदान के दौरान कई स्थानों पर ईवीएम ने भी धोखा दे दिया। ऐसे में करीब तीस मिनट से लेकर एक घंटे तक देरी से मतदान हुआ। इसके चलते मतदाताओं को लाइन में खड़े होकर परेशानी झेलनी पड़ी। चमोली जनपद में भी मंगरोली में माइग्रेशन बूथ में भी ऐसी ही दिक्कत आई। देहरादून के राजपुर रोड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बूथ पर भी ईवीएम सेट करने में वक्त लगा। आर्केडिया के श्यामपुर स्थित संगम पब्लिक स्कूल में तीन बार ईवीएम खराब हुई। इसके बाद चैथी मशीन लगाई गई। देहरादून के अम्बेडकर भवन सेवला कला में मशीन की बैटरी लौ दिखी। पीठासीन अधिकारी का कहना था कि चार्जिंग की कोई व्यवस्था नहीं। उत्तरकाशी जिले के गंगोरी बूथ पर ईवीएम मशीन में तकनीकी दिक्कत आने से देरी से मतदान हुआ। वहीं, उत्तरकाशी के साडा मतदान केंद्र में भी ऐसी ही शिकायत मिली। पौड़ी में विभिन्न मतदेय स्थल में वीवी पैड में खराबी की सूचना मिली। इसे ठीक कर दिया गया। ऋषिकेश में नगर निगम क्षेत्र में शिवाजी नगर प्राथमिक विद्यालय स्थित एक बूथ में भी ईवीएम खराबी के चलते मतदान करीब आधा घंटा विलंब से शुरू हुआ।
हरिद्वार के भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के सिकरौंदा में ईवीएम की खराबी के चलते मतदान एक घंटा देरी से शुरु हुआ। वहीं, इनायतपुर में भी आधा घंटे की देरी हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार उधमसिंह नगर के बाजपुर आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में स्थापित बूथ संख्या 106 ईवीएम खराब हुई। इसके चलते एक घंटे तक मतदाता परेशान रहे। पिथौरागढ़ में धारचूला के दूरस्थ खुमती मतदान केंद्र पर मशीन खराब होने से एक घंटे बाद मतदान शुरू हुआ। उधमसिंह नगर जिले में नेपाल सीमा से लगे थपलियालखेड़ा मतदान केन्द्र में भी वोटिंग शुरू होते ही ईवीएम फेल होने की शिकायत मिली। रुद्रपुर के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज स्थित बूथ में 32 मिनट देरी से मतदान शुरू हो सका। इसी तरह चंपावत, बागेश्वर, टनकपुर काशीपुर, जसपुर आदि स्थानों पर भी ईवीएम में खराबी की शिकायत मिली।
निर्वाचन आयोग की तैयारियां उत्तराखंड में आज हो रहे मतदान में बेकार साबित हुईं। ऊधम सिंह नगर, देहरादून, मसूरी, टिहरी, खटीमा, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी समेत तमाम स्थानों पर आई ईवीएम में खराबी आई। कई स्थानों पर डेढ़ घंटे बाद मतदान शुरू हो पाया। चकराता के लक्ष्मी नगर में ईवीएम को ठीक करके कर्मचारियों ने जैसे तैसे वोटिंग शुरू कराई। चकराता में तो ईवीएम मशीन को ठीक करने के बाद मतदान शुरू हो पाया। मसूरी में ईवीएम खराब होने के चलते लोगों को देर तक इंतजार करना पड़ा। ईवीएम में खराबी के कारण पहाड़ो की रानी मसूरी में वोटरों को लइन में लगकर इंतजार करना पड़ा। ऊधमसिंहनगर जिले के कई बूथों पर ईवीएम मशीन की खराबी की सूचना के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी नीरज खैरवाल के निर्देश पर खराब हुई ईवीएम मशीनों के स्थान पर नई ईवीएम मशीनों बदला गया। गदरपुर सहित जिले के 4 बूथों पर ईवीएम मशीनों को बदला गया। रिजर्व में रखी गई ईवीएम से काम चलाया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मतदान शुरू कराने को प्राथमिकता रखी। जनपद बागेश्वर की बूथ संख्या 10 में करीब एक घंटे तक मशीन खराब रही। जहां पहला वोट करीब 7 बजकर 55 मिनट पर पड़ा। निर्वाचन विभाग लगातार कर्मचारियों को प्रषिक्षण दे रहा था। साथ ही बार-बार कहा जा रहा था कि मतदान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। लेकिन जिस तरह से दर्जनों स्थानों पर ईवीएम में खराबी आई है तो उससे साफ हो गया है कि कितनी तैयारियां की गई है।  टिहरी लोकसभा की सहसपुर विधानसभा के बूथ संख्या 100 पर एक घंटे से ईवीएम मशीन खराब पड़ी हुई है। मतदाताओं में खासी नाराजगी है। पीठासीन अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कांग्रेस ने आरोप लगाया। कहा कि जिस बूथ पर कांग्रेस के मत ज्यादा हैं वहां ईवीएम खराब हो रही हैं।  कोटद्वार में वीवीपैट में दिक्कत आने से मतदाता परेशान हुए। यहां बूथ संख्या 11, पंचायत घर सुखरौ, बूथ संख्या 6, 20, 88 में वीवीपैट खराब हुई। वहीं यहां बूथ नंबर 25 में ईवीएम खराब मिली। लालकुआं विधानसभा में सात ईवीएम मशीन और एक वीवीपैट खराब हुआ। जिन्हें बदल दिया गया है।

Post A Comment: