ऊधमसिंह नगर I भाजपा दिल्ली के अध्यक्ष एवं भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने उत्तराखंड के किच्छा और खटीमा में सोमवार को जनसभाएं कर पार्टी प्रत्याशी अजय भट्ट के लिए वोट मांगे। लेकिन इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कार्यक्रम में मौजूद एक विधायक ने कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत के लिए बड़ी बात कह दी।  दरअसल, चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक राजेश शुक्ला की जुबान फिसल गई। अपने संबोधन के दौरान शुक्ला ने कहा 'अजय भट्ट के सिपाही पिछले चुनाव में ही हरीश रावत को धूल चटा चुके हैं। अब तो मरा हुआ हरीश रावत अजय भट्ट के सामने चुनाव लड़ रहा है'। उनके इस बयान की कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तीखी आलोचना की है।

वहीं जनसभा में मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है। देश की जनता को एक बार फिर मोदी को नेतृत्व का मौका देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस कहती है कि देशद्रोह का कानून खत्म किया जाएगा लेकिन भाजपा किसी भी सूरत में देशद्रोह का कानून खत्म नहीं होने देगी।

तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी के नाना, दादी, पिता सभी ने देश से गरीबी हटाने का नारा बोलकर वर्षों सिर्फ अपनी राजनीति ही चमकाई है। पाकिस्तान के बारे में बोलते हुए तिवारी ने कहा कि जो हमें छेड़ेगा हम उसे छोड़ेंगे नहीं। 

Post A Comment: