रुड़की। अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने रविवार को एक साथ दो विवादों को जन्म दे दिया। एक विवादित बयान में उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता का दर्जा महात्मा गांधी को नहीं बल्कि बाबा साहब डॉ. भीम राव आंबेडकर को दिया जाना चाहिए था। नेहरू को प्रधानमंत्री बनाना महात्मा गांधी की सबसे बड़ी भूल थी। इतना ही नहीं, उन्होंने करेंसी से महात्मा गांधी की फोटो हटाकर डॉ. आंबेडकर की फोटो लगाए जाने की भी मांग की। उधर, रविवार को ही चैंपियन का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें वह अपनी ही सरकार के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की कार्यशैली पर तंज कसते हुए उन्हें कठघरे में खड़ा करते नजर आ रहे हैं।

विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन वर्ष 2016 में उन 10 विधायकों में शामिल थे, जो कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें टिकट दिया और वह चुनाव जीतकर विधायक भी बने। कांग्रेस में रहते हुए भी चैंपियन अलग-अलग कारणों से विवादों में घिरते रहे और भाजपा में शामिल होने के बाद भी उनका रवैया जस का तस रहा। इन दिनों चैंपियन की अपनी ही पार्टी के विधायक देशराज के साथ जुबानी तकरार चल रही है, जिसने अनुशासित पार्टी की छवि वाली भाजपा को भी असहज कर रख दिया है। अब वह फिर दो नए विवादों में घिर गए हैं।

Post A Comment: