रामनगर I एक लिंक पर क्लिक करते ही दो युवतियों के फेसबुक अकाउंट हैक हो गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रामनगर में पुरानी केनाल कॉलोनी निवासी सुमन रावत और रेलवे पड़ाव भवानीगंज निवासी प्रियंका वर्मा ने रविवार को पुलिस को तहरीर दी। बताया कि शनिवार को सुमन के फेसबुक मैसेंजर पर प्रियंका नाम की आईडी से और प्रियंका के मैसेंजर पर रविवार को देहरादून निवासी रेनू जोशी की आईडी से मैसेज आया कि आपकी फोटो किसी ने एडिट करके पोस्ट की है।
दोनों ने फोटो दिखाने को कहा तो आरोपियों ने एक लिंक भेजा। उस लिंक पर क्लिक करते ही दोनों के फेसबुक एकाउंट बंद हो गए। तब से कई बार प्रयास करने के बावजूद फेसबुक लॉग इन नहीं हो सका। एसएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि दोनों युवतियों की तहरीर आईटी सेल में भेजी जा रही है। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी।


Post A Comment: