देहरादून I राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और जवाहर लाल नेहरू को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनकी टिप्पणी के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रही है। वहीं, कांग्रेस ने इस मामले में भाजपा से भी स्पष्टीकरण मांगा है। कांग्रेस का कहना है कि सार्वजनिक हो चुकी विधायकों की लड़ाई में भाजपा बैकफुट पर आई है। राजीव भवन में मीडिया से बातचीत में प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसोनी ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा विधायक चैंपियन ने महात्मा गांधी व जवाहर लाल नेहरू के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है। 

इस मामले में कांग्रेस साक्ष्य जुटाकर कानूनी कार्रवाई का सहारा लेगी। उन्होंने विधायक की टिप्पणी पर भाजपा से भी स्पष्टीकरण मांगा है। बता दें कि 16 मार्च को भाजपा विधायक चैंपियन ने प्रेसवार्ता में गांधी व नेहरू पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि महात्मा गांधी यदि मोहम्मद अली जिन्ना को प्रधानमंत्री बना देते तो देश का बंटवारा नहीं होता।  वे गांधी को बापू नहीं मानते, क्योंकि उनमें भी आम मनुष्य की तरह क्रोध, क्षोम, अहंकार था। दसोनी ने कहा कि विधायक देशराज कर्णवाल व चैंपियन की व्यक्तिगत लड़ाई सार्वजनिक होने के बाद भी सरकार व भाजपा ने मामले पर पर्दा डालने का काम किया है। 

Post A Comment: