आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा और 25 लोकसभा सीटों पर मतदान होने के एक दिन बाद तेलुगु देशम पार्टी के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्‍होंने कहा कि मतदान के दौरान राज्‍य में 30-40 प्रतिशत ईवीएम या तो खराब थे या फिर काम नहीं कर रहे थे.

नायडू ने कहा, 'यह राष्‍ट्र के लिए बड़ा संकट है. मैं कह सकता हूं कि यह बड़ा भ्रम है, बड़ी गड़बड़ी है.' उन्‍होंने दावा किया कि आधिकारिक जानकारी के अनुसार राज्‍य में 4,583 ईवीएम खराब हो गए थे. राज्‍य के लिए ये बड़ा संकट था.

उन्‍होंने कहा कि उप चुनाव आयुक्‍त ने बताया था कि आंध्र प्रदेश में ईवीएम के साथ कोई समस्‍या नहीं थी. नायडू ने इसपर कहा, 'मैंने ऐसा असंवेदनशील, अव्यावहारिक, गैरजिम्मेदाराना और बेकार चुनाव आयोग कभी नहीं देखा है. क्या आप लोकतंत्र का मजाक बनाते हैं? चुनाव आयोग बीजेपी शाखा कार्यालय में बदल गया है.'

नायडू ने कहा, 'वरिष्ठ नेता के तौर पर मुझे उन्हें (ईसी) चेतावनी देनी चाहिए. यह बात देश को समझनी चाहिए. उन्‍हें आगे इस तरह की गलती नहीं करनी चाहिए.' नायडू ने कहा कि वे वीवीपीएटी पर्चियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर करेंगे.



नायडू ने कहा, 'मैं कल चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलने के लिए दिल्‍ली जा रहा हूं. आयोग को इस बात का जवाब देना चाहिए कि उन्‍होंने ऐसा क्‍यों किया. इसके बाद हम ईवीएम के मुद्दे को उठाएंगे.

Post A Comment: