बाजारों में दोपहर में सुनसानी
सुबह सांय सैलानियों से सरोवर नगरी हो रही गुलजार
देहरादून। गुरुवार को नैनीताल सहित पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह से धूप खिलने के कारण मौसम सामान्य रहा। नैनीताल पहुंचे सैलानियों के कारण नैनीताल सहित आसपास के इलाके भी गुलजार रहे। बीते दिनों से मैदानी क्षेत्रों की तरह नैनीताल में भी तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया गया। जिस कारण दोपहर में उमस भरी गर्मी पड़ रही है। गुरुवार को नैनीताल पहुंचे सैलानियों ने मौसम का पूरा आनंद उठाया। मिले-जुले मौसम के बीच भी देश ही नहीं विदेश से भी पर्यटक काफी संख्या में नैनीताल घूमने पहुंचे। नैनीताल चिडियाघर, केव गार्डन, सडियाताल झरना व हिमालय दर्शन में सैलानियों का जमघट लगा रहा। सरोवर नगरी नैनीताल में दिन में गर्मी होने की वजह से बाजारों में भले ही कम रौनक दिखायी दी लेकिन सुबह तथा शाम के वक्त पर्यटकों ने माल रोड समेत बाजारों में भ्रमण कर ठंडी हवा का आनंद ले रहे हैं। इस बीच नगर में अब धीरे-धीरे पर्यटकों की संख्या बढने से काफी रौनक दिख रही है। नगर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों में से एक चिडियाघर के वन दरोगा खजान चंद्र मिश्रा ने बताया कि 860 पर्यटक पहुंचे जिसमें 728 वयस्क तथा 132 बच्चे शामिल थे। कुमाऊं मंडल विकास निगम की ओर से संचालित केबिल कार के मुख्य प्रबंधक दिनेश चंद्र उपाध्याय की मानें तो 500 पर्यटकों ने केबिल कार का आनंद लिया। सूखाताल स्थित निगम के उपक्रम केव गार्डन में भी सैकड़ों पर्यटकों ने प्राकृतिक गुफाओं के दीदार किए। नैनीताल वन प्रभाग की ओर से संचालित वाटर फाल के संचालक दलीप सिंह ने बताया कि 407 पर्यटक पहुंच चुके थे। इसके अलावा नगर के बारापत्थर, किलबरी, हिमालय दर्शन, स्नोव्यू, टिफिन टाप, सरिताताल, हनुमानगढ़ी के अलावा समीपवर्ती गागर, मुक्तेश्वर, श्यामखेत, रामगढ़, धारी, कैंची, सातताल, नौकुचितायाल, भीमताल व भवाली आदि दर्शनीय स्थलों में पर्यटकों की भीड़भाड़ से रौनक बनी रही। पर्यटकों ने माल रोड समेत तल्लीताल व मल्लीताल बाजारों के साथ ही तिब्बती, भोटिया, पालिका बाजारों से खूब खरीददारी की। इसके अलावा उन्होंने पंत पार्क से लेकर गुरुद्वारे तक लगी अस्थाई दुकानों से भी खूब खरीददारी की। दूसरी ओर अब आने वाले दिनों में नगर में और अधिक भीड़ बनने की पूरी संभावना है। जीआईसी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट ने बताया कि अधिकतम तापमान 29 तथा न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि आर्द्रता अधिकतम 58 व न्यूनतम 28 प्रतिशत रिकार्ड किया गया। नैनी झील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह गैड़ा ने बताया कि झील का जलस्तर दो फीट के नजदीक पहुंच गया है।

Post A Comment: