गोपेश्वर। खराब मौसम हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग पर यात्रा तैयारियों में रोड़ा अटका रहा है। घांघरिया से हेमकुंड तक पैदल मार्ग बनाने में जुटे सेना के जवान दोपहर तक ही काम कर पा रहे हैं। ऐसे में सेना अब जवानों की संख्या बढ़ाकर सुबह की पारी में ज्यादा कार्य करने की रणनीति बना रही है। ताकि समय पर हेमकुंड तक पहुंचा जा सके। हालांकि, यात्रा मार्ग पर बिजली, पानी व स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाएं जुटाने के लिए सरकारी मशीनरी अभी सक्रिय नहीं हुई है। हेमकुंड साहिब के कपाट एक जून को खोले जाने हैं।
सेना की इंजीनियरिंग कोर के 40 जवान गत 25 अप्रैल से हेमकुंड यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने के कार्य में जुटे हुए हैं। हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मुख्य प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि सेना के जवान अभी तक घांघरिया से दो किमी आगे तक ही पैदल मार्ग बना पाए हैं। अभी हिमखंडों के साथ ज्यादा बर्फबारी वाले क्षेत्र में पैदल मार्ग काटने की चुनौती है। बताया कि हेमकुंड में अब भी दस फीट से अधिक बर्फ है। इससे सेना व गुरुद्वारे के स्वयं सेवकों को व्यवस्थाएं जुटाने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। घांघरिया क्षेत्र में रोजाना हो रही बारिश और हेमकुंड क्षेत्र में हो रहे हिमपात से सुबह 11 बजे बाद कार्य बंद करना पड़ रहा है। ऐसे हालात को देखते हुए सेना ने दस अतिरिक्त जवानों को यहां बुलाया है। ताकि दोपहर तक कार्य में तेजी लाई जा सके।
नहीं पहुंची सरकारी मशीनरी
हेमकुंड यात्रा मार्ग पर गोविंदघाट से हेमकुंड तक शीतकाल के दौरान हुई बर्फबारी से पैदल रास्ते, पेयजल व विद्युत लाइन, सार्वजनिक टंकी व शौचालय को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं भी बहाल की जानी हैं, लेकिन अभी तक सरकारी मशीनरी में कोई सुगबुगाहट नजर नहीं आ रही। हालांकि, उपजिलाधिकारी जोशीमठ वैभव गुप्ता ने बदरीनाथ यात्रा शुरू होने के बाद मशीनरी को यहां कार्य पर लगाए जाने की बात कही है। उपजिलाधिकारी ने बताया कि इस संबंध में उनकी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों से चर्चा हुई है।
गुरुद्वारे में राशन भेजने का कार्य शुरू
हेमकुंड के बेस कैंप घांघरिया स्थित गुरुद्वारे में राशन पहुंचाने का कार्य शुरू हो गया है। गोविंदघाट से 28 खच्चर रोजाना खाद्य सामग्री ले जाकर घांघरिया पहुंच रहे हैं। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की रणनीति है कि जून-जुलाई तक के लिए गुरुद्वारे में राशन का कोटा रख लिया जाए। गुरुद्वारा प्रबंधक के अनुसार स्वयं सेवकों की टीम घांघरिया पहुंच चुकी है। हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग खुलने के बाद यह टीम हेमकुंड में रंग-रोगन व साफ-सफाई के कार्य में जुट जाएगी।


Post A Comment: