नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रांची के प्रभात तारा मैदान में 40 हजार लोगों के साथ योग के आसन किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि योग सबका है और यह जाति, धर्म और मजहब से परे है। उन्होंने योग को चिकित्सा की अन्य पद्धतियों के साथ जोड़ने पर बल देते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। पीएम ने योग के लिए इस बार रांची को चुनने की अपनी वजह भी बताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस प्रदेश का प्रकृति से नाता बहुत गहरा है और आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत यहीं से हुई। रांची और स्वास्थ्य का रिश्ता इतिहास में दर्ज है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार योग को स्वास्थ्य देखभाल के एक स्तंभ के रूप में विकसित करना चाहती है। युवाओं में हृदय की बीमारी पर चिंता जताते हुए पीएम ने कहा कि इसे रोकने में योग अहम भूमिका निभा सकता है और इसलिए इस वर्ष योग दिवस का थीम 'योगा फॉर हार्ट' रखा गया है। उन्होंने लोगों से योग को समाज के सभी वर्गों तक ले जाने और योग को अपने दैनिक जीवन में लागू करने की अपील की। उन्होंने कहा, 'शांति और सद्भाव योग से जुड़े हुए हैं। दुनिया भर के लोगों को इसे अपने जीवन में अपनाना चाहिए।'


Post A Comment: