ऋषिकेश। कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर की अध्यक्षता में आयोजित देशभर के कृषि मंत्रियों के सम्मेलन में उत्तराखंड सरकार में कृषि-उद्यान मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रतिभाग किया। सुबोध ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष उत्तराखंड में आ रही कृषि संबंधी समस्याओं को और किसानों की आय दुगुनी करने के प्रधानमंत्री के लक्ष्य पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अभी चकबंदी की प्रक्रिया भी चल रही है। चकबंदी होने से किसानों को खेती करने में काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा किसानों की तरक्की के लिए राज्य सरकार की ओर से बेहतर उपाय किये जा रहे हैं लेकिन तमाम समस्यायें भी मुंह बायें खडी हैं। पहाड में जंगली जानवर फसलों, फलों, सब्जी तक को खा और नष्ट कर दे रहे हैं। फसलों की सुरक्षा का भी उचित प्रबंध हो इस पर कार्य कर रहे हैं। जहां भूमि सिंचित नहीं है वहां के लिए कम पानी में भी बेहतर उपज देने वाले उन्नत बीजों का प्रबंध किया जा रहा है।
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से अपेक्षा है कि वहा के किसानों की आय दुगुनी करने के लक्ष्य में आ रही अडचनों को प्राथमिकता से दूर करेगी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के दिए लक्ष्य को हम निर्धारित समय से पहले पूरा करने के लिए उत्तराखंड सरकार संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा लक्ष्य को पाने के लिए हमें केंद्र से शीघ्रता से सहयोग की अपेक्षा है। सम्मेलन में देशभर से आए विभिन्न प्रांतों के कृषि मंत्रियों द्वारा भी अपने-अपने प्रदेशों की कृषि संबंधित समस्याओं को केंद्रीय कृषि मंत्री के समक्ष उठाया। कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने देशभर के विभिन्न प्रांतों से आए कृषि मंत्रियों को उनके द्वारा सुझाए और उठाए समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने का वादा किया।

Post A Comment: