ऋषिकेश,11अगस्त (AKA)।वर्षो से पीने के पानी की किल्लत झेल रहे ग्राम सभा खदरी खडक माफ  के ग्रामीणों को अब पानी की कमी से दो चार नहीं होना पड़ेगा।यह सपना  स्थानीय कृषक अमरजीत सिंह द्वारा  अपने पिता सरदार  स्वर्गीय गुलजार सिंह और माता  स्वर्गीय रतन कौर की स्मृति में   ,नलकूप  और टंकी बनाने हेतु दी गई 300 मीटर भूमि  के बाद पूरा होने जा रहा है । उल्लेखनीय है कि वर्षों से लंबित पड़ी ग्रामीणों की माँग लगभग एक माह के भीतर पूरी होने जा रही है।बीते अप्रैल माह में स्थानीय कृषक अमर जीत सिंह द्वारा अपने पिता सरदार स्वर्गीय गुलजार सिंह और माता स्वर्गीय रतन कौर की स्मृति में गुलजार फार्म स्थित 300 मीटर भूमि नलकूप और टंकी बनाने हेतु दान की गई थी।जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित डोईवाला विकास खण्ड के पूर्व प्रमुख डॉ के एस राणा का विशेष सहयोग रहा।उक्त भूमि पर खदरी खड़क माफ के निवर्तमान प्रधान सरोप सिंह पुण्डीर  एवं पण्डित विनोद जुगलान विप्र द्वारा रविवार को अनौपचारिक एवं संक्षिप्त रूप से पूजन के बाद नलकूप खुदाई का कार्य प्रारम्भ किया गया।पेयजल संस्थान के अधिशासी अभियंता नमित रमोला के अनुसार ट्यूबवेल बोर के बाद बृहद टंकी का निर्माण किया जाएगा।ग्राम सभा के निवर्तमान प्रधान सरोप सिंह पुण्डीर ने बताया कि टँकी के निमार्ण से पूर्व विधिवत उद्घाटन हेतु क्षेत्र के विधायक और  विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चन्द अग्रवाल को आमन्त्रित किया जाएगा।पेयजलापूर्ति को खदरी में विश्व बैंक की ओर से 11 करोड़ रुपये की लागत से नई पाइप लाइन बिछाने और तीन तीन लाख लीटर क्षमता की दो बृहद टंकियों का निर्माण स्वीकृत है।जिसमें एक नलकूप की खुदाई का कार्य गुलजार फार्म स्थित दान की गई भूमि पर प्रारम्भ किया गया है।इस नलकूप और टंकी से गुलजार फार्म,बलजीत फार्म,दिल्ली फार्म,ललित विहार,ममगाईं फार्म सहित आसपास की लगभग पाँच हजार की आबादी को पेयजल की किल्लत से छुटकारा मिल जाएगा।साथ ही जल संस्थान के कनिष्ठ अभियंता ज्योति कोटनाला और कनिष्ठ अभियन्ता डी एस रावत के पर्वेक्षण में चोपड़ा फार्म के वार्ड नबंर दो में भी एक नलकूप और तीन लाख क्षमता की एक टंकी का निर्माण शीघ्र किया जाएगा। जिससे खदरी खड़कमाफ में पानी की किल्लत पूर्ण रूप से समाप्त हो जाएगी।मौके पर नालन्दा शिक्षण संस्थान प्रबन्धक महावीर उपाध्याय,कार्यदायी संस्था के फोरमैन भजन सिंह,सोहन सिंह,गुरुसेवक सिंह,विनोद पासवान,दर्शन सिंह,रवीन्द्र कुमार,रामू आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।खदरी खड़क माफ के ग्रामीणों ने पेयजल योजना की बृहद स्वीकृति के लिए साशन और सरकार सहित मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार जताया है।

Post A Comment: