ऋषिकेश। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश व स्कल बेस सर्जरी सोसाइटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में शनिवार को संस्थान में मिडलाइन पोस्टेरियर फोसा ट्यूमर्स (सिर के पिछले हिस्से में होने वाले ट्यूमर) विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें देश के लगभग सभी बड़े मेडिकल संस्थानों के वरिष्ठ न्यूरो सर्जन शामिल हुए। इस अवसर पर न्यूरो सर्जरी के विद्यार्थियों की क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। एम्स में शनिवार को आयोजित मिड लाइन पोस्टेरियर फोसा ट्यूमर्स सीएमई का बतौर मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत ने विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर निदेशक एम्स प्रो. रवि कांत ने कहा कि न्यूरो सर्जरी विषय को वर्तमान में समग्ररूप से देखने की जरुरत है। उन्होंने न्यूरो पैथोलॉजी, न्यूरो रेडियोलॉजी आदि विभागों को भी न्यूरो सर्जरी से संबद्ध किए जाने की आवश्यकता बताई। एम्स निदेशक पद्मश्री प्रो. रवि कांत ने बताया कि सरकार एम्स दिल्ली व पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार के लिए बढ़ते मरीजों का बोझ कम करना चाहती है, उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसी स्थिति में सरकार को इसके आसपास के राष्ट्रीय महत्व के मेडिकल संस्थानों को भी आर्थिकतौर पर मजबूत करना होगा,जिससे वह अपने यहां वह सभी संसाधन व सुविधाएं जुटा सकें और अन्यत्र स्थानों से मरीजों को उपचार के लिए एम्स दिल्ली अथवा पीजीआई चंडीगढ़ नहीं जाना पड़े। लिहाजा सरकार को इस दिशा में ध्यान केंद्रित करने की नितांत आवश्यकता है। सम्मेलन में प्रो. सरत चंद्रा व प्रो. आशीष सूरी ने दिमाग के पिछले हिस्से में जटिल ट्यूमर के सर्जरी की विधि पर व्याख्यान दिया। प्रो. मनमोहन सिंह ने ट्यूमर के ऑपरेशन के बाद पेश आने वाली समस्याओं के समाधान और प्रो. एसके गुप्ता ने ऑपरेशन के बाद मरीज से जुड़ी सभी तरह की स्थितियों, लक्षण व उसके जीवन से जुड़े अन्य पहलुओं पर बाबत चर्चा की। प्रो. एसी शर्मा ने विभिन्न तरह के ट्यूमर की बायोप्सी की रिपोर्ट व प्रो. अजय गर्ग ने ट्यूमर की एमआरआई, सिटी स्केन रिपोर्ट पर व्याख्यान दिया। डा. आशुतोष कौशल ने ट्यूमर के ऑपरेशन के लिए मरीज को बेहोशी देने की विधि पर चर्चा की। एम्स ऋषिकेश के न्यूरो सर्जरी विभाग के डा. निशांत गोयल ने दिमाग के पिछले हिस्से में होने वाले ट्यूमर के लक्षण विषय पर व्याख्यान दिया जबकि संस्थान की डा. दीपा जोसेफ ने ट्यूमर के ऑपरेशन के बाद कीमोथैरेपी व रेडिएशन थैरेपी की भूमिका बताई। नेशनल कांफ्रेंस में आयोजन समिति के सहसचिव डा.जितेंद्र चतुर्वेदी ने विभिन्न प्रांतों से आए न्यूरो सर्जरी के विद्यार्थियों की दो चरणों में क्विज प्रतियोगिता आयोजित कराई, उन्होंने बताया कि क्विज प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा रविवार को की जाएगी। आयोजन में सोसाइटी के संस्थापक प्रो.एके सिंह, अध्यक्ष प्रो. वीडी सिन्हा, प्रो. सरत पी. चंद्रा,पूर्व अध्यक्ष प्रो. सुनिल गुप्ता एम्स न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रो. आरएस मित्तल, आयोजन समिति के अध्यक्ष डा. रजनीश अरोड़ा, आयोजन सचिव डा. निशांत गोयल, डा. महेश कुड़ियाल, प्रो. सौरभ वार्ष्णेय, प्रो. प्रतिमा गुप्ता, प्रो. किम जैकब मेमन, प्रो. सुधीर सक्सेना, डा. नीरज कुमार,डा. अजीत सिंह भदौरिया, सहसचिव डा. जितेंद्र चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष डा. राजशेखर रेकापल्ली आदि ने सहयोग किया।
Home
उत्तराखंड
ताज़ा ख़बर
एम्स ऋषिकेश में मिडलाइन पोस्टेरियर फोसा ट्यूमर्स विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया


Post A Comment: