अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश के तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सप्तऋषि मंडल हरिद्वार में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के लोगों ने बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया। इस दौरान 43 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर में कुल 60 लोगों ने पंजीकरण कराया, आवश्यक परीक्षण के बाद 43 ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। अबोहर भवन, हिल बाईपास खड़खड़ी हरिद्वार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपने संदेश में एम्स निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत ने कहा कि रक्तदान से किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दिया जा सकता है। लिहाजा प्रत्येक स्वस्थ मनुष्य को दूसरों की सहायता के लिए रक्तदान अवश्य करना चाहिए। निदेशक एम्स प्रो. रवि कांत ने कहा कि किसी को जीवनदान देने से बढ़कर कोई दूसरा दान नहीं हो सकता, लिहाजा संस्थान की ओर से ब्लड बैंक के अलावा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में नियमिततौर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित किया जा रहा है,जिससे लोग रक्तदान के प्रति जागरुक हों । संस्थान की ब्लड बैंक प्रभारी डा. गीता नेगी की देखरेख में आयोजित शिविर में लोगों को रक्तदान को लेकर जागरुक किया गया। ब्लड बैंक प्रमुख डा. गीता नेगी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर अमूल्य जीवन का संरक्षण करना है। शिविर के आयोजन में एम्स की ओर से डा. सुशांत कुमार मीनिया, डा.रंजन मुखर्जी, डा.अंजू कुरूप, चिकित्सकीय सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश चंद्र, तकनीकि सहायक शिव कुमार, इंदू, हिमांशु, रीता आदि ने सहयोग किया ।


Post A Comment: