देहरादून में प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को जनता दरबार लगा. इसमें महिला बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्य को जनता की समस्याएं सुननी थीं. इसके लिए मंत्री तो पहुंचीं लेकिन फरियादी नदारद रहे.

हमेशा की तरह शनिवार को बीजेपी दफ़्तर में जनता दरबार लगाया गया. इसके लिए सारी तैयारियां की गईं. दर्जनों कुर्सियां रख दी गईं. महिला बाल विकास मंत्री रेखा आर्य भी अपने तय समय पर दफ़्तर में पहुंच गईं. उनके साथ उनके समर्थक और कार्यकर्ता भी आ गए. लेकिन जिस जनता को समस्याएं सुनानी थीं वो जनता ही जनता दरबार से नदारद रही. मंत्री जी ने जब समस्याएं सुनने का कार्यक्रम शुरू किया तो रजिस्टर में सिर्फ 2 ही फरियादियों के नाम दर्ज दिखे.

सभी कुर्सियां खाली पड़ी रहीं. फरियादियों से ज़्यादा तादाद तो मंत्री के साथ आए कार्यकर्ताओं और समर्थकों की थी. खैर उन दोनों की ही फरियाद सुनी गई और आश्वासन दिया गया कि समस्या जल्द दूर कर दी जाएगी.

कार्यक्रम के बाद में  जब राज्यमंत्री से सवाल किया गया कि आख़िर फरियादी क्यों नहीं आए तो राज्य मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि ये हिमाचल और गुजरात चुनाव का असर है. मंत्री लगातार दौरे पर हैं, इसलिए जनता नहीं आ रही. ऊपर से अभी त्योहार का भी सीजन है, इसलिए भी लोग कम ही घर से निकल रहे हैं.
उन्होंने ये भी कहा कि अभी प्रचार-प्रसार की कमी है. लोग जनता दरबार के बारे में नहीं जानते. सरकारी कोशिश के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी इसका प्रचार-प्रसार होना चाहिए.

Post A Comment: