देहरादून ज़िला प्रशासन मसूरी में साल के अंत में आयोजित होने वाले विन्टरलाइन कार्निवाल की तैयारियों का जायज़ा ले रहा है. ज़िलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने सम्बन्धित अधिकारियों के साथ बैठक कर 25 दिसंबर से होने वाले इस कार्निवाल की तैयारियों की समीक्षा की.
उन्होंने समिति के सदस्यों से महोत्सव की तारीख और उपयुक्त स्थल का निर्धारण करने को कहा. डीएम ने उद्घाटन के समय होने वाली शोभा यात्रा और महोत्सव के दौरान आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, दैनिक कार्यक्रमों, खेलकूद और स्टार नाइट्स के आयोजन के सम्बन्ध में भी समिति के सदस्यों से विचार-विमर्श किया.
ज़िलाधिकारी ने समिति के सदस्यों को कार्निवाल में अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्रचार-प्रसार के उचित माध्यम अपनाने के निर्देश दिए ताकि अन्य राज्यों से भी इस महोत्सव में पर्यटक पहुंचें.
बैठक में ज़िलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम को बेहतर बनाने के लिए बड़े ग्रुप्स से भी स्पोंसर (प्रायोजक) कराया जाए ताकि धन की प्रचुर उपलब्धता हो सके. इसके साथ ही कार्निवाल का सोशल मीडिया फेसबुक पर वृहद प्रचार-प्रसार कराया जाए.
उन्होंने इस साल कार्निवाल को लीक से हटकर मनाने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्निवाल के अवसर पर विभिन्न प्रदेशों की शोभायात्रा और बैंड का प्रदर्शन भी कराया जाए. उन्होंने मसूरी के होटल मालिकों से कहा कि बाहर से बुलाए जाने वाले कलाकारों के खाने और ठहरने की व्यवस्था की ज़िम्मेदारी वह लें, कलाकारों को एयरपोर्ट से लाने और छोड़ने की ज़िम्मेदारी गढ़वाल मण्डल विकास निगम लेगा.


Post A Comment: