टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ मुंबई के वानखेडे़ स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी-20 मैच को 5 विकेट से जीत लिया. इसी के साथ टीम इंडिया ने सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली.

यह श्रीलंका के खिलाफ पांचवी टी-20 सीरीज है जो टीम इंडिया ने अपने नाम की है. भारत और श्रीलंका अब तक छह टी-20 सीरीज खेल चुके हैं जिनमें से एक ड्रा रही और बाकी पांचों में भारत की जीत हुई है. यह दूसरी बार है जब टीम इंडिया ने किसी टीम को क्लीन स्वीप किया हो. इससे पहले 2015-16 में आॅस्ट्रेलिया को उसकी जमींन पर तीन मैचों की सीरीज़ में 3-0 से रौंदा था.

टीम इंडिया ने लिया पहले गेंदबाजी का फैसला
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया. भारतीय गेंदबाज़ों ने श्रीलंका को 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 135 रनों पर सीमित कर दिया. मेहमान टीम की तरफ से असेला गुणरत्ने ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए. सदिरा समाराविक्रमा (21) ने उनका साथ दिया, लेकिन यह जोड़ी सिर्फ 38 रन ही जोड़ सकी.
वैसे जब श्रीलंका की 72 रन तक आधी टीम पवेलियन लौट गई तो लग रहा है था कि ये 100 रन भी नहीं बना पाएगी लेकिन दासुन शनाका और धनंजय ने आठवें विकेट की अटूट साझेदारी में 24 रन जोड़कर टीम को 135/7 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. शनाका ने नाबाद 29 रन बनाए तो अकिला धनंजय ने 11 रन की नाबाद पारी खेली.

भारत की तरफ से जयदेव उनादकट और हार्दिक पंड्या ने दो-दो विकेट लिए. जबकि वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला.

वहीं भारत ने 136 रन के लक्ष्य को 19.2 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल किया. मनीष पांडे ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए तो श्रेयस अय्यर ने 30 रनों का योगदान दिया. कप्तान रोहित शर्मा ने 27 रन बनाए. वहीं दिनेश कार्तिक ने नाबाद 18 रन बनाए और मुश्किल वक्त में धोनी एक बार फिर फिनि​शर की भूमिका में नज़र आए. श्रीलंका के लिए दुष्मंता चामीरा और दासुन शनाका ने दो-दो विकेट अपने नाम किए.

भारत को 3-0 की शानदार जीत दिलाने में अहम योगदान देने वाले तेज़ गेंदबाज़ जयदेव उनादकट को मैन आॅफ द मैच और मैन आॅफ द सीरीज़ के अवार्ड से नवाजा गया.

रोहित के नाम हुए दो नये रिकॉर्ड
रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ अपनी 27 रन की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया. इस दौरान वह भारत के लिए टी20 क्रिकेट में 150 चौके लगाने वाले दूसरे ​बल्लेबाज़ बने. भारत के नियमित कप्तान विराट कोहली ने 55 मैचों में 208 चौके लगाए हैं.

श्रीलंका के खिलाफ मुंबई टी20 में अपने एकमात्र छक्के के साथ रोहित शर्मा साल 2017 में सर्वाधिक छक्के मारने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. रोहित का ये इस साल 16वां छक्का था. जबकि साल 2017 में वेस्टइंडीज के इवन लुईस ने नौ मैच में सबसे अधिक 31 छक्के लगाए हैं.

भारत ने हासिल की साल की 37वीं जीत
टीम इंडिया ने वानखेड़े टी20 में श्रीलंका को पांच विकेट से पटखनी देने के साथ ही एक कैलेंडर वर्ष में 37वीं जीत हासिल की. हालांकि एक कैलेंडर वर्ष में सबसे अधिक जीत हासिल करने का रिकॉर्ड आॅस्ट्रेलिया के नाम है जिसने 2003 में 38 मैच जीते थे. वैसे आॅस्ट्रेलिया ने 1999 में भी 35 मैच जीतने का रिकॉर्ड कायम किया था.

Post A Comment: