राज्य के कर्मचारियों को वेतन और पेंशन के लिए सात सौ करोड़ रुपये अनुपूरक बजट में सुरक्षित कर दिए गए हैं. इसके अलावा आधारभूत सुविधाओं का भी ख्याल रखा गया है.

सरकार ने सड़कों और पुलियों के निर्माण के लिए सौ करोड़ रुपये का भी प्रावधान किया है. गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में आयोजित विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने कुल 3015 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश किया.

इसमें केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी के लिए 70 करोड़ रुपये और स्वच्छ भारत मिशन के लिए 107 करोड़ की व्यवस्था की है. भराणीसैंण स्थित विधानसभा में त्रिवेंद्र सरकार का पहला सत्र बृहस्पतिवार को हवन-पूजन के साथ आहूत किया गया.

इस मौके पर स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं. मुख्यमंत्री ने समस्त विधायकों का शॉल ओढ़ाकर और टोपी पहनाकर सम्मान किया. इसके बाद सत्र शुरू किया गया. शाम चार बजे वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने अनुपूरक बजट पेश किया, इस पर कल चर्चा होगी. बजट में राजस्व मदों में 2170 करोड़ रुपये और पूंजीगत मद में 845 करोड़ का प्रावधान किया गया है.
इसके अलावा अनुपूरक बजट में आपदा के 7 करोड़ रुपये, ग्रामीण खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए 8 करोड़, प्लास्टिक इंजीनियरिंग के लिए नौ करोड़ रुपये से ज्यादा रखे गए हैं.

आशा कार्यकर्ताओं के लिए 33 करोड़ रुपये, औली में इंटरनेशनल स्कीइंग के लिए 12 करोड़ रुपये, मुजफ्फरनगर-रुड़की रेल लाइन के लिए 120 करोड़ रुपये, हल्द्वानी और देहरादून मेडिकल कॉलेजों के लिए 13 करोड़, सहकारिता के लिए 22 और नाबार्ड योजना के लिए 25 करोड़ रुपये रखे गए हैं.

 

Post A Comment: