रुद्रपुर। अपनी लाड़ली बेटी की बरामदगी के लिए एक मां छह महीने से पुलिस थाने में भटक रही है, मगर उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उसका आरोप था कि बेटी को मुरादाबाद का रहने वाला एक व्यक्ति साथ ले गया।
मामला ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र का है। शिवनगर में ननकी प्रसाद की पत्नी गंगा देवी किराए पर रहती है। उसके मकान में ही एक अन्य किराएदार अनिल निवासी मुरादाबाद रहता था। गंगा देवी का कहना है कि करीब छह महीने पहले अनिल उसकी आठ वर्षीय पुत्री मानसी को बहला फुसला कर ले गया। उसने बेटी की बरामदगी के लिए पुलिस से गुहार की, मगर उसकी बेटी का आज तक कोई सुराग नहीं लगा। छह महीने से वह लगातार पुलिस थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन उसे आज तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अपनी बेटी की सकुशल बरामदगी को लेकर गंगा देवी बेहद चिंतित है। उसका कहना है कि उसकी बेटी पर न जाने क्या जुल्म ढहाए जा रहे होंगे? पुलिस है कि सुनती नहीं।
यूं तो बच्चों की बरामदगी के लिए जिले में चाइल्ड हेल्प लाइन है, लेकिन मानसी की बरामदगी के लिए कोई प्रयास न होना पुलिस की उदासीनता को दर्शा रहा है। गंगा देवी की पहुंच थाने तक ही सीमित है। उसने मीडिया के जरिए अपनी बेटी की बरामदगी की गुहार पुलिस विभाग के अफसरों से लगाई है।

Post A Comment: