रुद्रपुर । शहर में इन दिनों बेल्ट का काला कारोबार खूब फल फूल रहा है। नतीजतन गरीबों को अघोषित लूट का शिकार बनाया जा रहा है। तमाम शिकायतों के मद्देनजर हुई कार्रवाई पर पुलिस ने बीती रात चार आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल कर ली है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनका मेडीकल भी कराया है। पुलिस का आरोप है कि इस धंधे में स्मैक, चरस, भांग पीने वाले लिप्त रहते हैं।
आवास विकास चैकी पुलिस ने शहर के वार्ड संख्या 18 स्थित रविन्द्र नगर निवासी रमेश कुशवाह पुत्र भीम कुशवाह, महेंद्र दास पुत्र रामचंद्र दास, कालू मंडल पुत्र जतिन मंडल एवं सिंह कालोनी गली नंबर 15 निवासी सूरज आनंद पुत्र तिलकराज पर धारा 4/25 एवं 401 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। अभियोग में कहा गया है कि उक्त आरोपियों पर काफी समय से आरोप थे कि यह लोग बेल्ट से खेल खिलाकर लोगों को लूटने का अवैध काला कारोबार करते हैं। जिसके चलते कई गरीब अपनी जमा पूंजी इनके हाथों लुटा बैठते हैं। अगर वे लोग रुपये वापस मांगते हैं तो उनके साथ मारपीट की जाती है। एसआई लक्ष्मण सिंह ने उक्त चारों आरोपियों को धोबीघाट आवास विकास से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनमें से रमेश के पास से चाकू भी बरामद किया है। पुलिस ने सभी को आज कोर्ट भेजा, जहां से आरोपियों को जेल भेजा गया है। 

Post A Comment: