कोतवाली और थानों में हों जनसंवाद कार्यक्रम
एडीजी अशोक कुमार ने पुलिस अधिकारियों को दिए निर्
देश
ऋषिकेश। एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) अशोक कुमार ने प्रदेश के पुलिस थानों में जनसंवाद पर जोर दिया है। उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस को तीन माह में एक पब्लिक मीटिंग आवश्यकरूप से आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि इससे आमजन और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बन सकेगा, जिसका लाभ पुलिस को सुरक्षा और शांति व्यवस्था को मुकम्मल करने में मिलेगा।
रविवार को थाना लक्ष्मणझूला थाना में आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों के लिए पुलिस की ओर से आयोजित गर्म वस्त्र वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए एडीजी अशोक कुमार ने कहा कि सिटीजन फ्रेंडली पुलिस के लिए वक्त की जरूरत है। इसके लिए पुलिस अधिकारियों को जनसंवाद कायम करने की आवश्यकता है। लिहाजा हर साल चार पब्लिक मीटिंग प्रत्येक थाने में की जानी चाहिए।
कहा कि पब्लिक मीटिंग से जनता की पुलिस से जुड़ी समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंच सकेंगी, जिनका निस्तारण कर बेहतर व्यवस्था कायम करने में सहायता मिलेगी। एडीजी ने कहा कि जनता के बीच तालमेल स्थापित कर ही बेहतर पुलिस व्यवस्था बनाई जा सकती है।
एडीजी ने बताया कि तीन माह के भीतर एक पब्लिक मीटिंग प्रत्येक कोतवाली और थाने में आयोजित करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, उन्होंने पौड़ी जिला पुलिस की ओर से वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं सुनने और आर्थिकरूप से कमजोर लोगों की सहायता की योजना को भी सराहा। उन्होंने अन्य क्षेत्रों की पुलिस को भी इससे प्रेरणा करने की अपील की।

तीर्थक्षेत्र में ड्रग्स बिक्री पर एडीजी गंभीर

ऋषिकेश। एडीजी अशोक कुमार तीर्थक्षेत्र में ड्रग्स की तस्करी और बिक्री के मामलों को लेकर काफी गंभीर दिखे। उन्होंने बताया कि हाल में इस प्रकार के कुछ मामले सामने भी आएं हैं। बताया कि यह क्षेत्र विदेशी पर्यटकों की आमद से काफी संवेदनशील है। ऐसे में स्थानीय पुलिस अधिकारियों व लोकल इंटेलीजेंस को और ज्यादा चुस्त करने की जरूरत है। ताकि इस प्रकार की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
स्वर्गाश्रम के कुछ रूट हों जीरो ट्रैफिक जोन
ऋषिकेश। तीर्थक्षेत्र स्वर्गाश्रम में एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) अशोक कुमार ने कुछ इलाकों में जीरो ट्रैफिक जोन घोषित करने के निर्देश स्थानीय पुलिस अधिकारियों को दिए हैं। कहा कि दुनियाभर से विदेशी पर्यटक स्वर्गाश्रम और लक्ष्मणझूला क्षेत्र में शांति की तलाश में आते हैं। ऐसे में वाहनों की अत्यधिक भीड़भाड़ से इस शांति में व्यवधान उत्पन्न होता है, जिसका प्रतिकूल प्रभाव विदेशी पर्यटकों पर पड़ता है। उन्होंने जिले के पुलिस अधिकारियों को नगर के कुछ आंतरिक रूटों को चिह्नित कर जीरो ट्रैफिक जोन घोषित करने के निर्देश दिए।

163 बुजुर्गों को बांटे गर्म वस्त्र

ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला पुलिस की ओर से थाने में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के 163 वरिष्ठ नागरिकों को गर्म वस्त्र वितरित किए गए। एडीजी अशोक कुमार, डीआईजी पुष्पक ज्योति व एसएसपी जगतराम जोशी ने बुजुर्गों को गर्म कपड़े बांटे। मौके पर नगरपंचायत चेयरमैन शकुंतला राजपूत, थानाध्यक्ष प्रदीप राणा, गुरूपाल बत्रा, मनीष राजपूत, इंद्रप्रकाश अग्रवाल, डा. नारायण सिंह रावत, भरतलाल आदि मौजूद थे।

Post A Comment: