उत्तराखंड पुलिस ने देहरादून के एक (प्रॉपर्टी डीलर) की हत्या करने जा रहे दो बदमाशों को चोरी की मोटर साइकिल, पिस्टल, एक तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है.
अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, अशोक कुमार ने बताया कि कोतवाली रुड़की में इंस्पेक्टर साधना त्यागी को सूचना मिली कि हरिद्वार जेल में बंद जित्ती रावत ने दो शूटरों को देहरादून निवासी पंकज (प्रॉपर्टी डीलर) की हत्या करने की सुपारी दी है.
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने हरिद्वार के लक्सर निवासी मुकीम और खरखौदा, मेरठ के नितिन नाम के दो शूटरों को गिरफ़्तार किया. उनके पास रुड़की से चोरी एक मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, एक तंमचा और छह कारतूस मिले.
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह हरिद्वार जेल में बंद बदमाश जित्ती रावत के साथ हम तीन-चार महीने रहे हैं. उसी के कहने पर देहरादून में पुलिया नंबर 6 के पास हनुमान वाली गली में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर पंकज की उसके ऑफिस में हत्या करने जा रहे थे. उस जगह की रेकी उन्होंने पहले ही कर ली थी.
इसके अतिरिक्त जेल में ही बन्द बदमाश नितिन जैन ने भी उन्हें हरिद्वार के जैन नामक उद्योगपति और लढौरा निवासी कल्लू नामक व्यक्ति की हत्या करने की सुपारी दी थी.
गिरफ्तार अभियुक्त नितिन पहले भी सितम्बर, 2017 में बदमाश राहुल राठी निवासी मुज्जफरनगर के कहने पर कनखल निवासी व्यापारी राजकुमार गुप्ता और हरिद्वार घूमने आए अलीगढ़ उत्तरप्रदेश निवासी राजेन्द्र गुप्ता की हत्या करने की योजना बनाने में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया चुका है. अभी वह जमानत पर बाहर था.
अपर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 5000 रुपये के इनाम की घोषणा की है.


Post A Comment: