डालनवाला क्षेत्र में कोतवाली से सटी करोड़ों की ज़मीन पर विवाद बढ़ता जा रहा है. स्थिति यह है कि नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए हड़ताल शुरू कर दी है.
देहरादून के डालनवाला क्षेत्र में करोड़ों की ज़मीन ने नगर निगम और प्रशासन को आमने सामने कर दिया है. हालत यह है कि विवादित जमीन से अतिक्रमण तोड़ने की बात कहकर मौके पर गई निगम की टीम को पुलिस ने ही रोक लिया.
नगर निगम अधिकारियों ने पुलिस पर भूमाफियाओं के साथ मिलकर उनसे बदसलूकी करने का आरोप लगाया है. इसके खिलाफ अधिकारी, कर्मचारियों ने हड़ताल कर इसका विरोध भी दर्ज करवाया.
निगम अधिकारियों का कहना है कि ज़मीन की 99 साल की लीज़ पूरी हो चुकी है और और फिलहाल ज़मीन पर नगर निगम का स्वामित्व है.
उधर विवादित ज़मीन पर ताहिर अतहर पक्ष ने भूमि पर अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन से उनके पक्ष में फैसला आने का दावा किया है.
हालांकि इस दावे के खिलाफ एक दिन पहले ही नगर निगम ने भूमि पर बने निर्माण को तोड़ने की कोशिश की थी. लेकिन प्रशासन और पुलिस के निगम के खिलाफ जाने के चलते भूमि से निर्माण हटाने में निगम नाकाम रहा.
भूमि पर दावा करने वाले अमित की मानें तो कोर्ट के फैसले के बावजूद नगर निगम जबरन इस भूमि पर दावा कर रहा है, उधर पुलिस ने मामले में कोर्ट के आदेश को ही मानने की बात कही है.
नगर निगम के कोर्ट जाने की बात कहने के बाद अब ये मामला कोर्ट से ही सुलझेगा और प्रशासन ने मामले पर यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए हैं, जिससे नगर निगम भूमि पर निर्मित निर्माण को नहीं तोड़ पाएगा.
ज़िलाधिकारी की मानें तो कोर्ट के आदेश का अनुपालन करवाया जा रहा है और मामले पर फिलहाल किसी भी पक्ष का कोई दखल नहीं रहेगा. आगे की कार्रवाई जांच के बाद ही की जाएगी.


Post A Comment: