ऋषिकेश। हरिपुरकलां स्थित एक फ्लैट में हरिद्वार में तैनात एक पुलिसकर्मी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
 रायवाला पुलिस के मुताबिक क्विक रिपांस टीम (क्यूआरटी) हरिद्वार में तैनात पुलिसकर्मी विपिन सिंह भंडारी पुत्र नंदन सिंह भंडारी सोमवार रात हरिपुरकलां स्थित एक फ्लैट में अपने मामा संतोष चैहान से मिलने पहुंचा था। मंगलवार सुबह मामा ड्यूटी पर चले गए। दोपहर में वापस लौटने पर जब दरवाजा नहीं खुला तो अनहोनी की आशंका में दरवाजा जोर से खोला। देखा कि कमरे में विपिन पंखे पर बेल्ट से बने फांसी के फंदे पर लटका है।
 तत्काल उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके से विपिन के शव को कब्जे में लिया। साथ ही कमरे और पुलिसकर्मी के  कपड़ों की तलाशी में पुलिस को कोई सुसाइट नोट नहीं मिला। थाना प्रभारी निरीक्षक महेश जोशी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। शव का पंचनामा भर उसे पीएम के लिए भेज दिया गया है।

Post A Comment: