देहरादून। जीएसटी से तंग आकर हल्द्वानी के ट्रांसपोर्टर द्वारा आत्महत्या करने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि एक और आत्महत्या की धमकी देने वाले रामनगर के ट्रांसपोर्टर को सीएम हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया गया कि उक्त ट्रांसपोर्टर सीएम हाउस पर आत्महत्या करने जा रहा था। दूसरे ट्रांसपोर्टर के आत्महत्या के प्रयास की खबर देहरादून में सोशल मीडिया के माध्यम से इस कदर सुर्खिया बना कि पूरे प्रशासनिक अफसरों में अफरा तफरी का माहौल मचा रहा। यही नहीं मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक प्रकरण की टोह लेते रहे। हालांकि ट्रांसपोर्टर के सकुशल पकड़े जाने के बाद शासन प्रशासन ने राहत की सांस ली है। जबकि गिरफ्तार हुए व्यक्ति की पत्नी का कहना है कि वह महिला आयोग की सदस्या है तथा सीएम आवास में होने वाले महिला आयोग के कार्यक्रम में अपने पति के साथ भाग लेने जा रही थी।
बता दें कि हल्द्वानी के प्रकाश पांडे ने जीएसटी से तंग आकर बीती छह जनवरी को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के जनता दरबार में जहर खा लिया था। जिसे शासन प्रशासन ने हल्के में लिया और उसके आत्महत्या के प्रयास को नाटक बताते रहे। दो दिन पूर्व श्री पांडे की मैक्स अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो जाने से तो शासन प्रशासन की हवाईयां ही उड़ गईं। ट्रांसपोर्टर की मौत ने पूरे सूबे की सियासत को गरमा दिया था। यही नहीं सूबे भर के व्यवसाइयों में इसको लेकर खासा रोष देखा गया था। हल्द्वानी समेत जगह जगह बाजार बंद कराए गए थे। पीडित परिजनों के शव का अंतिम संस्कार न करने पर प्रशासन को विधानसभा में प्रतिपक्ष की नेता इंदिरा ह्देयश समेत कुछ नेताओं के साथ मंत्रणा कर उन्हें विश्वास में लेना पड़ा था। पीडित पत्नी को नौकरी और 12 लाख रुपये का मुआजा दिए जाने का फरमान जारी करने के बाद ही वहां उपजे जनमानस के आक्रोश को शांत किया जा सका था। अभी इस बात को 24 घंटे भी ठीक से नहीं बीते कि एक और रामनगर के ट्रांसपोर्टर संजय बिष्ट ने सीएम हाउस में जाकर आत्महत्या करने की धमकी दे डाली। इतना ही नहीं वो देहरादून में आत्महत्या करने के लिए पहुंच भी गया। इधर, श्री बिष्ट की धमकी के मद्देनजर प्रशासन ने भी उसकी पूरी तरह गिरफ्तारी को लेकर जाल बिछा रखा था। बताया गया कि संजय बिष्ट भी नोटबंदी और जीएसटी को लेकर खासा परेशान चल रहा है। पुलिस ने ट्रांसपोर्टर संजय बिष्ट को देहरादून में हाथी बड़कला चौकी समीप से हिरासत में ले लिया। इस तरह ट्रांसपोर्टर बिष्ट को पुलिस ने सीएम हाउस पहुंचने से पहले ही रोक लिया और उसके आत्महत्या के प्रयास को विफल कर दिया। बहरहाल समाचार लिखे जाने तक ट्रांसपोर्टर पुलिस हिरासत में है। ट्रांसपोर्टर से आत्महत्या करने के लिए जहर की शीशी या कोई पुडिया बरामदगी के सवाल को पुलिस ने टाल दिया। हालांकि उसके खिलाफ आत्महत्या के प्रयास की धाराओं में अभियोग पंजीकृत नहीं हुआ है। इधर, अब इस मामले को लेकर उसका मीडिया ट्रायल शुरू हो गया है।

Post A Comment: