रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर ऑल वेदर सड़क निर्माण में लंबे समय से लेटलतीफी की शिकायतें आ रही हैं. सोमवार को इसकी असलियत जानने खुद गढ़वाल आयुक्त दलीप जावलकर मौके पर पहुंच गए. खामी मिलने पर उन्होंने अफसरों को समय पर काम पूरा करने के लिए कहा.
आयुक्त ने रुद्रप्रयाग से सोनप्रयाग तक पूरे रास्ते में रोड निर्माण का जायज़ा लिया. काम देखकर उन्होंने माना कि ज़िम्मेदार एजेंसियां काम में देर कर रही हैं. कमिश्नर ने सख़्त निर्देश दिए कि तय समय तक काम पूरे कर लिए जाएं, ताकि चार धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आने-जाने में कोई दिक्कत ना हो.
आयुक्त बिना किसी पूर्व सूचना के यहां जायज़ा लेने आए थे, इसलिए मौके पर ना तो राजमार्ग विभाग के अधिकारी-कर्मचारी साथ थे और और ना ही सूचना विभाग को इसकी भनक लग पायी. इसलिए काम की असल स्थिति उन्होंने खुद ही देख ली.
आयुक्त ने बेलनी पुल से गौरीकुण्ड मार्ग तक हर काम को बारीकी से देखा. जहां खामी दिखी वहां पर नाराज़गी जतायी. उन्होंने माना कि टिहरी जनपद में कार्य की प्रगति बहुत अच्छी है, लेकिन रुद्रप्रयाग ज़िले में बद्रीनाथ मार्ग छोड़कर गौरीकुण्ड राजमार्ग पर काफी कमियां हैं. उन्होंने कहा सभी एजेंसियों को 31 मार्च तक कटिंग का काम पूरा करने के लिए पहले ही कहा जा चुका है. चार धाम यात्रा के दौरान सभी रास्ते आवागमन के लिए खुले रहेंगे.


Post A Comment: