उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर प्रेमचंद अग्रवाल का आज एक साल का कार्यकाल पूरा हो गया. अवसर पर अग्रवाल ने भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में मिठाई का वितरण कराया. आज के दिन ही 24 मार्च, 2017 को श्री अग्रवाल ने विधानसभा अध्यक्ष के रूप में पद ग्रहण किया था.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित सभी मंत्रियों और विधायकों ने अग्रवाल को एक साल का कार्यकाल निष्पक्ष एवं शालीनतापूर्वक पूरा करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. विधानसभा अध्यक्ष ने इस मौके पर मंत्रिमंडल सहित सभी माननीय सदस्यों को धन्यवाद दिया. अग्रवाल ने केंद्रीय नेतृत्व का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के आशीर्वाद स्वरूप ही उन्हें उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष का दायित्व मिला और जिसे उन्होंने पूरी ईमानदारी और कर्मठता से निभाया है.
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि उन लोगों के प्रेम और स्नेह की वजह से ही वह इस महत्वपूर्ण पद पर काम कर रहे हैं और आगे भी अपना कर्तव्य निष्ठापूर्वक निभाते रहेंगे.
इस अवसर पर भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा अध्यक्ष आवास पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, संसदीय कार्य मंत्री, कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और अन्य मंत्रियों ने अग्रवाल को पुष्प गुच्छ भेंट कर बधाई दी.


Post A Comment: