टीम इंडिया ने ओपनिंग बल्लेबाज़ शिखर धवन (55) की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर निदास टी20 ट्राई सीरीज़ के दूसरे मैच में बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट से जीत हासिल की. यह टीम इंडिया की दो मैच में पहली जीत है. टूर्नामेंट के पहले मैच में मेजबान श्रीलंका ने उसे हरा दिया था.
बहरहाल, जीत के लिए 140 रन का लक्ष्य लेकर उतरी टीम इंडिया के लिए शिखर धवन और कप्तान रोहित शर्मा ने पारी शुरू की, लेकिन रोहित (17) को मुस्ताफिकुर रहमान ने आउट करके पहला झटका दिया. उस वक्त टीम का स्कोर 28 रन था. रोहित के आउट होने के बाद युवा बल्लेबाज़ रिषभ पंत मैदान पर आए लेकिन वह भी 7 के निजी स्कोर पर रूबेल हुसैन के शिकार बन गए. 40 रन के स्कोर पर दो विकेट गिरने के बाद सुरेश रैना क्रीज़ पर आए और उन्होंने शिखर धवन के साथ मिलकर स्थिति को बखूबी संभाला. रैना (28) ने तीसरे विकेट के लिए धवन के साथ 68 रन जोड़कर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया. रैना को रूबेल हुसैन की बॉल पर मेहदी हसन ने कैच किया. उस समय टीम का स्कोर 108 रन था.
इसके बाद लग रहा था कि धवन टीम को जीत दिलाकर ही पवेलियन लौटेंगे, लेकिन 55 रन के स्कोर वह तस्किन अहमद का शिकार हो गए. उन्हें लिटन दास ने कैच किया. धवन ने 43 बॉल पर 5 चौके और दो छक्के लगाए. मैच की औपचारिकता को मनीष पांडे (नाबाद 27) और दिनेश कार्तिक (नाबाद 2) ने 17 रन की साझेदारी करके पूरा किया. यानि टीम इंडिया को मिली छह विकेट की जीत. बांग्लादेश के लिए रूबेल हुसैन ने दो विकेट लिए तो मुस्ताफिजुर और तस्किन को एक-एक विकेट मिला. टीम इंडिया के विजय शंकर को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया.
बांग्लादेश ने बनाए थे 139 रन
टॉस जीतकर रोहित शर्मा ने आर. प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में बांग्लादेश को पहले बल्लेबाज़ी का आमंत्रण दिया था. सौम्य सरकार (14) और अनुभवी तमीम इकबाल (15) ने बांग्लादेश को तेज शुरुआत देने का प्रयास किया, लेकिन सौम्य को 20 के कुल योग पर युजवेंद्र चहल के हाथों कैच कराकर जयदेव उनादकत ने बांग्लादेश को पहला झटका दिया. इसके बाद तमीम भी आउट हो गए. उन्हें 15 रन के निजी स्कोर पर शार्दुल ठाकुर ने उनादकत के हाथों कैच कराया. उस वक्त बांग्लादेश का स्कोर 35 रन था.
विकेटकीपर बल्लेबाज़ मुशफिकुर रहीम (18) ने पैर जमाने की कोशिश की, लेकिन विजय शंकर ने उन्हें ऐसा नहीं करने दिया. रहीम को विजय शंकर की बॉल पर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक ने कैच किया. यह शंकर का पहला इंटरनेशनल विकेट था. इसके बाद कप्तान महमुदुल्लाह (1) भी शंकर का शिकार बने. उस समय बांग्लादेश का कुल योग 72 रन था.
हालांकि लिटन दास ने शब्बीर के साथ मिलकर स्कोर 100 के पार पहुंचाया, जो कि एक वक्त मुश्किल लग रहा था. दास 34 रन बनाकर युजवेंद्र चहल की गेंद पर सुरेश रैना के हाथों लपके गए. जबकि दास के बाद क्रीज़ पर आए मेहदी हसन (3) कुछ खास नहीं कर सके और 118 के कुल योग पर उनादकत का शिकार हुए. हसन का कैच मनीष पांडे ने पकड़ा था. वहीं 134 रन के स्कोर पर शब्बीर और 135 के स्कोर पर रूबेल हुसैन आउट हुए. जबकि तस्किन अहमद 8 रन और मुस्ताफिजुर रहमान एक रन पर नाबाद रहे. बांग्लादेश को 139 रन पर रोकने में जयदेव उनादकत ने तीन, विजय शंकर ने दो और शार्दुल ठाकुर और चहल ने एक-एक विकेट का सहयोग दिया.
जारी है टीम इंडिया का अजेय रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह टीम इंडिया और बांग्लादेश की छठी भिड़ंत थी जिसमें टीम इंडिया ने छह विकेट से बाजी जीती. अब तक दोनों टीमों के बीच छह टी20 मैच खेले गए हैं और हर बार टीम इंडिया ने अपने विरोधी को पटखनी दी है. यानि इस जीत से उसका अजेय रिकॉर्ड बरकरार है.


Post A Comment: