देहरादून I देहरादून की एसएसपी निवेदिता कुकरेती का कहना है कि कोई एक दिवस महिला दिवस के रूप में नहीं मनाया जा सकता है. महिला के बिना परिवार, समाज, राष्ट्र की कल्पना करना असम्भव है. भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान को बहुत महत्व दिया गया है, परन्तु आवश्यकता है, की उसे वास्तविकता के धरातल पर भी उतारा जाए.
‘अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस’ के अवसर पर देहरादून की डीआईटी यूनिवर्सिटी में महिला सशक्तिकरण पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एसएसपी ने कहा कि सम्मान किताबों की वस्तु नहीं है, बल्कि संघर्ष कर हासिल करने की भावना है. सम्मान पाने और स्वयं को प्रत्येक क्षेत्र में सिद्ध करने के लिए महिलाएं सघंर्षरत हैं, चाहे वह रक्षा, शिक्षा, बैकिंग, ज्ञान-विज्ञान का क्षेत्र हो.
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है, पुराने मिथकों को तोड़कर अपनी काबिलियत के बल पर समाज, संस्थान में स्थान हासिल करने की. क्योंकि प्रतिभा किसी लिंग, जाति, क्षेत्र की जंजीरों में नहीं बांधी जा सकती. हालांकि नारी के इस संघर्ष में समाज को भी पूर्ण सहयोग प्रदान करना होगा. भ्रूण हत्या, छेड़छाड़ व महिलाओं के प्रति हो रहे अन्य अपराधों को रोकने के लिए एकजुट होना होगा. महिलाओं द्वारा अपने लिए स्थान बनाए जाने की मुहिम में उनके साथ खड़ा होना होगा, न कि उनके विपरीत.
महिला समाज की शिल्पकार होती है. समाज निर्माण हेतु किसी देश के नागरिक तैयार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है. यदि देश के नागरिक स्वस्थ, ज्ञानवान और संस्कारी हैं तो उस देश को विश्व में स्थान बनाने से कोई नही रोक सकता. एक मां पालन-पोषण कर स्वस्थ नागरिक, ज्ञान व संस्कार प्रदान कर बौद्धिक रूप से उन्नत नागरिक तैयार करती है.
किसी देश के नागरिकों का कर्तव्य है, कि वे देश निर्माण करने वाले शिल्पकार को उचित मान व सम्मान प्रदान करें. उसे उचित अवसर दें, ताकि वह अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सके. दूसरी ओर महिलाओं को भी यह समझना होगा, कि अपनी सम्पूर्ण शक्ति व प्रतिभा का उपयोग कर समाज में एक सम्मानजनक स्थान हासिल किया जा सकता है न कि लाचार बनकर.
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं द्वारा महिला सशक्तिकरण, महिला जागरूकता, एवं महिला सुरक्षा के संबंध में छात्र छात्राओं को अवगत कराया गया. उक्त कार्यक्रम में मुख्य रूप से नाज़िया यूसुफ (चेयरपर्सन, डब्लूआईसी क्लब), मानसी (सीईओ, मानसी क्रिएशन), डॉक्टर नवीन सिंघल (डीन, डीआईटी यूनिवर्सिटी) और अन्य अथितिगण व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.


Post A Comment: