देहरादून के इंदिरा मार्केट में आज एक भीषण अग्निकांड हो गया. इंदिरा मार्केट के भीतर स्थित कच्ची दुकानों वाले गुजराती मार्केट में शुक्रवार सुबह अचानक आग लग गई और प्लास्टिक, लकड़ी के डंडों से बनाई गई कपड़े के कारोबार की इन कच्ची दुकानों में देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया. राहत बस यह रही कि इस अग्निकांड में कोई घायल नहीं हुआ.
सुबह करीब नौ बजे कोतवाली नगर व फायर स्टेशन देहरादून को कंट्रोल रूम से इंदिरा मार्केट में कपड़ों की दुकानों में आग लग गई है. थाना कोतवाली नगर से पुलिस बल तथा फायर स्टेशन देहरादून से दमकल के वाहन दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया.
जब तक टीम पहुंची तब तक कपड़ों की छह दुकानों में आग लग गई थी, जिसे दमकल के वाहनों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया. यदि आग पर समय से नियंत्रण नहीं किया जाता तो अन्य दुकानों में फैल सकती थी.
पुलिस के अनुसार आग से जगदीश शर्मा, शंकर, कांता देवी, प्रकाश, जैतराम और संजय की दुकानों में नुक़सान हुआ है. आग से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है.
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट का होना प्रतीत हो रहा है. आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.


Post A Comment: