हल्द्वानी I मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने गुरुवार को हल्द्वानी में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से दुग्ध व्यवसाय के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया.

महिलाओं को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला शक्ति राष्ट्र शक्ति है. अनादिकाल से महिलाओं की शक्ति के रूप में पूजा व अर्चना की जाती रही है. महिला समाज की मार्ग दर्शक के साथ ही प्रेरणा का स्त्रोत भी है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे समाज में महिला जन्म से लेकर मृत्यु तक जीवन के हर पहलू का आधार है, और अगर हम अपने आधार को मजबूत नही कर पाते तो हम कभी पूर्ण नहीं हो सकते. उन्होंने कहा कि महिला उत्थान के लिए हमें भी कुछ रूढ़ियों, असमानताओं और अन्ध विश्वासों का विनाश करना होगा. हमें महिलाओ के बेहतर भविष्य के लिए उनका वर्तमान संवारना होगा, इसलिए बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा, समृद्धि और सशक्तिकरण के लिए हमें अभी से कदम उठाने होंगे.

रावत ने कहा कि हमारा प्रदेश तीलू रौतेली, रामी बौराणी, गौरा देवी का प्रदेश है. इसलिए यहां महिलाओं को क्या सम्मान मिलना चाहिए यह हम सब अच्छी तरह समझते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम महिलाओं को सक्रिय प्रतिनिधित्व देने की बात करते हैं तो मुझे इस बात की खुशी है कि हमारी विधानसभा में वर्तमान मे 5 महिला विधायक है. नेता प्रतिपक्ष भी महिला हैं और सरकार में एक महिला मंत्री भी है. महिला सशक्तिकरण के इस उत्तम उदाहरण के साथ हम प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सकते हैं.



मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों में महिलाओं का जीवन काफी कठिन और संघर्षशील है. नवजात बच्चियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुये वैष्णवी हैल्थ किट मुहैया कराई जा रही है. शिक्षा के क्षेत्र मे बालिकाएं पीछे न रहें इसके लिए सरकार बालिका शिक्षा में अभिनव प्रयोग कर रही है और मेधावी बालिकाओं को निशुल्क लैपटॉप भी बांटे जा रहे हैं. किशोरियों के स्वास्थ्य के लिए ज़रूरी है कि उन्हें मेन्स्चुरेशन और स्वच्छता के बारे मे जागरूकता हो इसलिए सस्ती दरों पर सैनेटरी नैपकीन उपलब्ध कराने के लिए स्पर्श सैनेटरी नैपकीन योजना शुरू की गई है, जिसके तहत प्रत्येक जनपद में महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा सैनेटरी नैपकिन का उत्पादन किया जाएगा.

उच्च शिक्षा सहकारिता एवं दुग्ध विकास मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश सरकार सजग है. सहकारिता, दुग्ध विकास और उच्चशिक्षा के क्षेत्रों में सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सामाजिक विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं. उन्होंने कहा सरकार द्वारा दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए 4 रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि दी जा रही है, जिसके लिए 13 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं. दुग्ध सचिवों को भी 50 पैसे प्रोत्साहन राशि का निर्णय लिया गया है.

उन्होने कहा प्रदेश के 140 एनडीए और सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री द्वारा 50-50 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे और गरीब 50 बच्चों को एनडीए, सीडीएस की तैयारी और उच्च शिक्षा के लिए कोचिंग दी जाएगी.

समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने अपने सम्बोधन में महिलाओं के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी महिलाओ को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं.

समारोह में दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत चांदनी चौक दुग्ध समिति की पुष्पा बिष्ट और मुन्नी बिष्ट को 4.81 लाख का चेक मुख्यमंत्री ने दिया. दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया. इसके साथ ही किक्रेट खिलाडी कंचन परिहार, बैटमिंटन खिलाडी निर्मला, घोड़ा चालक धनुली देवी, जैविक खेती करने वाली सावित्री गजरौला तथा सामाजिक सदभावन के क्षेत्र मे कार्य करने वाली उमा जोशी को भी सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, रामसिह कैडा, मेयर डॉक्टर जोगेन्द्र पाल सिह रौतेला, पूर्व सांसद बच्ची सिह रावत, अध्यक्ष दुग्ध संघ भरत सिंह नेगी, जयवीर सिंह नेगी, अध्यक्ष नैनीताल जिला सहकारी बैक राजेन्द्र सिंह नेगी, अध्यक्ष राज्य सहकारी बैक दान सिंह रावत मौजूद थे.

Post A Comment: