चंपावत। चंपावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में पिथारौगढ़ जिला सहकारी बैंक के गार्ड ने कैशियर और चपरासी की गोली मारकर हत्या कर दी। दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने के बाद गार्ड मौके से फरार हो गया। पुलिस के अलावा बैंक और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने घटना के दो-तीन घंटे के बाद ही गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।
कुमाऊं मंडल के चंपावत जिले का लोहाघाट क्षेत्र आज सुबह दोहरे हत्याकांड से दहल उठा। जानकारी के मुताबिक, थाना लोहाघाट क्षेत्र के खेतीखान में पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक की शाखा है। आज सुबह साढ़े 9 बजे के आसपास बैंक शाखा खुली तो उस वक्त वहां कैशियर, चतुर्थ श्रेणी कर्मी और बैंक गार्ड ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अचानक किसी बात पर गार्ड ने अपनी बंदूक से पफायरिंग कर दी।
घटना के बाद गार्ड मौके से फरार हो गया। गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों और अन्य बैंककर्मियों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। लोहाघाट के कोतवाल भूपेंद्र बृजवाल ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त ललित बिष्ट और राजेंद्र वर्मा के रूप में हुई है। ललित बैंक में कैशियर, जबकि राजेंद्र चतुर्थ श्रेणी कर्मी थे। गार्ड का नाम दिनेश बोरा बताया जा रहा है। कैशियर ललित, चपरासी राजेंद्र वर्मा और गार्ड दिनेश बोरा चंपावत के रहने वाले बताए जाते हैं। लोहाघाट के कोतवाल के अनुसार, अभी घटना के पीछे की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन इतना जरूर है कि गार्ड की दोनों के साथ किसी बात को लेकर तू-तू-मैं-मैं हुई।
मौके पर विधायक पूरन फत्र्याल, एसडीएम पाटी निर्मला बिष्ट और एसपी धीरेंद्र गुंज्याल पहुंच गए थे। पुलिस टीम ने हत्या के आरोप गार्ड दिनेश बोरा को उसके गांव मानर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली है। उसे चंपावत लाने की कार्रवाई की जा रही थी।


Post A Comment: