ज्वालापुर I आर्य समाज के ज्वालापुर स्थित गुरुकुल के 111 वें वार्षिकोत्सव में पूर्व सीएम हरीश रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल और हरिद्वार ग्रामीण से विधायक स्वामी यतीश्वरानंद शामिल हुए. इस दौरान आर्य जगत के दूर दराज से आए विद्वानों ने अपने विचार रखे और संस्था के अग्रणीय योगदान पर प्रकाश डाला. वहीं विधानसभा अध्यक्ष ने उपनल में भर्ती हुए बेटे के इस्तीफे पर अपनी पीड़ा व्यक्त की.

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह से उन्हें इस पूरे प्रकरण में घेरने की कोशिश की गई वो ठीक नहीं. उन्होंने कहा कि अगर किसी में योग्यता है तो उसको वंचित किया जाना वह ठीक नहीं समझते. करीब 25 हजार लोगों की उपनल के जरिए भर्ती हुई है. उन्होंने कहा कि यदि पात्रता की ही बात है तो करीब 20 हजार ऐसे लोग हैं जो सैनिक परिवारों से नहीं हैं. ये सरकार को तय करना है और जो लोग विरोध कर रहे थे वो खुद इस बात को तय करें तो बेहतर होगा. जाहिर है कि गुरुकुल के वार्षिकोत्सव के मौके पर भी बेटे के नौकरी से इस्तीफे का मलाल विधानसभा अध्यक्ष को अभी भी सताए हुए है.

विधानसभा अध्यक्ष ने आगे कहा कि 111 वर्षों के इतिहास में गुरुकुल का अपना स्वर्णिम स्थान रहा है. हजारों हजार हमारे छात्र यहां से निकलकर विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे हैं. मैं उन सभी बच्चों को बधाई देने के लिए यहां आया हूं. पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि ये शिक्षण संस्था अपने आप में अद्भुत है. इस पवित्र भूमि से देश को कई राष्ट्रनायक कर्मवीर मिले हैं. उन्होंने कहा कि वह यहां तीसरी बार अए हैं. हर बार यहां आने के बाद उन्हें नए-पन की अनुभूति होती है.

Post A Comment: