ऋषिकेश। गढ़ी श्यामपुर में हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने घर और स्कूल की बाउंड्री वॉल तोड़ी डाली। किसानों की गेहूं की फसल को भी रौंद डाला। वनकर्मियों ने फायर कर किसी तरह हाथी को जंगल में खदेड़ा। ग्राम प्रधान शाकुम्बरी बिष्ट ने वन विभाग से किसानों और पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की है।
श्यामपुर गढ़ी में हाथी की दहशत है। हाथी आए दिन आबादी क्षेत्र में घुसकर फसलों को रौंद डालते हैं। बीती रात नौ बजे हाथी ने गढ़ी मयचक में प्राइमरी स्कूल की बाउंड्री वॉल को तोड़ दी। सूचना पर पहुंचे वन बीट अधिकारी ने दो राउंड फायर कर हाथी को वहां से खदेड़ा। हाथी वहां से भागकर श्यामपुर के भट्टा कालोनी में घुस गया। ग्रामीणों के शोर मचाया तो आम के बगीचे में चला गया। कुछ देर बाद बगीचे से निकलकर हाथी चन्द्रमणी शर्मा के घर की बाउंड्री वाल को तोड़ता हुआ, आंगन में धमक गया।
आंगन पर विशाल हाथी को देख परिवार के सदस्यों होश उड़ गए। डर से सभी घर के भीतर दुबक गए। हाथी ने आंगन में लगी सब्जियों को रौंद डाला। कुछ देर बाद हाथी वहां से जंगल की ओर निकल गया। ग्राम प्रधान शाकुम्बरी बिष्ट ने विभागीय अधिकारियों से हाथी को आबादी में घुसने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही कहा कि विभाग पीड़ितों को उचित मुआवजा दे। वन क्षेत्राधिकारी राजेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि हाथी को आबादी में आने से रोकने के लिए विभाग प्रयासरत है। संवेदनशनील क्षेत्रों में गस्त बढ़ाई जाएगी।

Post A Comment: