रुद्रप्रयाग के विधायक भरत चौधरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने की इच्छा आज पूरी न हो सकी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वीडियो कान्फ्रेंसिंग के ज़रिये रुद्रप्रयाग के विधायक भरत चौधरी से बात होनी थी लेकिन समय की कमी के कारण विधायक का नंबर नहीं आ पाया. अब ये कांन्फ्रैसिंग 22 अप्रैल को होनी तय हुई है.

इस वीसी का उद्देश्य केदारनाथ में प्रधानमंत्री द्वारा शुरू की गई योजनाओं की समीक्षा करना था और इसी पर कांग्रेस ने ऐतराज़ जताया है.

रुद्रप्रयाग जनपद में दो विधानसभा हैं, एक रुद्रप्रयाग और दूसरी केदारनाथ. केदारनाथ धाम केदारनाथ विधानसभा में आता है लेकिन प्रधानमंत्री रुद्रप्रयाग के विधायक से धाम में किए जा रहे कार्यों की प्रगति जानना चाहते हैं.

दरअसल केदारनाथ के विधायक मनोज रावत कांग्रेसी हैं और माना जा रहा है कि इसीलिए उन्हें छोड़कर रुद्रप्रयाग के विधायक से पीएम बात करना चाह रहे हैं. केदारनाथ विधायक ने इस पर अचरज जताया. उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रतिनिधि होने के नाते वह इलाक़े की ज़मीनी हक़ीक़त को बेहतर जानते हैं.

हालांकि मनोज रावत यह भी कहते हैं कि किसी विधायक से बात करना प्रधानमंत्री का विशोषाधिकार है और इसे लेकर वह कोई ऐतराज़ नहीं जता रहे हैं लेकिन सामान्य शिष्टाचार का पालन किया जाना चाहिए.

Post A Comment: