देहरादून। मां न बन पाने के दुख से परेशान महिला ने गुरुवार को देहरादून स्थित सीएमआई अस्पताल की तीसरे मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरी महिला को लहूलुहान हालत में तत्काल इलाज के लिए अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतका के परिजनों को देहरादून बुलाया है। 
आराघर चौकी प्रभारी मनोहर सिंह रावत ने बताया कि मुजफ्फरपुर, जैराता तहसील धामपुर जिला बिजनौर निवासी निवेदिता सिसौदिया (32) की शादी छह वर्ष पहले अंकित सिसौदिया से हुई थी। शादी के बाद काफी समय तक गर्भवती नहीं होने पर महिला ने कई जगह उपचार कराया। निवेदिता सीएमआई में ढाई वर्ष से डा. सुनीता से उपचार करा रही थी। पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह भी वह घर से अकेले दवाई लेने के लिए दून पहुंची। यहां अस्पताल पहुंचकर डाक्टर को दिखाने के बजाए निवेदिता सीधे अस्पताल के तीसरे माले पर पहुंची और वहां से दुपहिया पार्किंग की ओर के खाली एरिया में छलांग लगा दी। 
महिला के जमीन पर गिरते ही तेज आवाज हुई तो आसपास दहशत फैल गई। तत्काल महिला के पास पहुंचे अस्पताल के गार्डों ने उपचार के लिए इमरजेंसी में भर्ती कराया। लहूलुहान महिला की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल आईसीयू में रेफर कर दिया। आईसीयू में उपचार के कुछ घंटे में महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की सूचना के बाद एसपी सिटी पीके राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनस्थल का जायजा लेने के साथ ही अस्पताल पहुंचे मृतका के परिचित को ढाढ़स बंधाया। वहीं पुलिस ने मृतका के परिजनों को दून बुलाने के साथ ही शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी में रखवा दिया। परिजनों के दून पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।महिला का पति गुरुग्राम में प्राइवेट जॉब करता है। पुलिस पूरी घटनाक्रम की जांच कर रही है। परिजनों को सूचना दे दी गयी है।

Post A Comment: