सितारगंज: विजिलेंस की टीम ने पटवारी चौकी से लेखपाल को 5500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित लेखपाल किसान का काम करने की एवज में सात हजार रुपये घूस मांग रहा था। जिसके बाद पीड़ित ने हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को सही पाते हुए विजिलेंस टीम ने सीओ अरविंद डंगवाल के निर्देशन पर जाल बिछाकर लेखपाल राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
सितारगंज निवासी किसान तरसेम सिंह ने बताया कि उसने ऑनलाइन आवेदन कर अपने निवास, आय, जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराने के लिए हफ्ते भर पहले विभाग की वेबसाइट पर पंजीकरण किया था। जिसके बाद लेखपाल राम सिंह पुत्र फकीरचंद निवासी न्यू आवास विकास कालोनी काशीपुर को उसके प्रमाण पत्रों में रिपोर्ट लगानी थी। वह इसके लिए लेखपाल राम सिंह से मिला तो उसने रिपोर्ट लगाने के एवज में उससे सात हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
जिसके बाद तरसेम सिंह ने 27 अप्रैल को रिश्वतखोर लेखपाल की शिकायत विजिलेंस टीम से की। शिकायत पर विजिलेंस टीम ने मामले की विवेचना शुरू कर दी। जांच में मामला सही पाए जाने पर मंगलवार को सीओ अरविंद डंगवाल के निर्देशन में विजिलेंस टीम ने किच्छा रोड स्थित पटवारी चौकी के आसपास आरोपित लेखपाल को दबोचने के लिए जाल बिछाया।
जिसके बाद शिकायतकर्ता से रिश्वत का मामला सात हजार में से 5500 रुपये देने में तय हो गया। पीड़ित पटवारी राम सिंह के पास रुपये लेकर पहुंचा। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने रिश्वतखोर लेखपाल राम सिंह को पटवारी चौकी से दबोच लिया। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


Post A Comment: