देहरादून 10 जुलाई । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल प्रकरण का सम्बंध केवल अनुशासन से है और उससे कोई अन्य विषय जुड़ा हुआ नहीं है । उन्होंने विजय बहुगुणा को पार्टी का वरिष्ठ नेता बताया ।
     पूर्व विधायक शैलेंद्र मोहन सिंघल को काशीपुर में होने वाली भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में न आने के लिए कहे जाने के मामले पर  प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा में अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण विषयों में से एक है । किसी भी प्रकार से अनुशासन तोड़े जाने के प्रकरण को पार्टी गम्भीरता से लेती है और इस बारे में पूरी जाँच के बाद ज़िम्मेदारी तय की जाती है ।इस मामले पर भी जाँच बैठाई गई है और यदि इस प्रकरण में श्री सिंघल कोई भूमिका नहीं पाई जाती तो यह प्रतिबंध तत्काल हट जाएगा । यदि कार्य समिति से पहले सकारात्मक रिपोर्ट आ गयी तो श्री सिंघल इसी कार्यसमिति में भाग ले सकेंगे , अन्यथा बाद की बैठकों में ।
  उन्होंने कहा कि इस मामले को श्री विजय बहुगुणा से जोड़ा जाना ग़लत है । श्री बहुगुणा हमारे वरिष्ठ नेता हैं और पार्टी में उनका पूरा सम्मान है । साथ ही जो भी नेता भाजपा में हैं चाहे वे नए हैं अथवा पुराने सभी का समान महत्व है । पार्टी में कोई गुटबाज़ी नहीं है । हम सभी एक लक्ष्य को लेकर काम करते हैं और पार्टी में किसी प्रकार के भ्रम का भी कोई स्थान नहीं है ।

Post A Comment: